रंगों का त्योहार होली खुशियां, मस्ती और अपनों के साथ हंसी-ठिठोली लेकर आता है। लेकिन बाजार में मिलने वाले कई कैमिकल युक्त रंग आपकी स्किन के लिए नुकसानदेह साबित हो सकते हैं। होली खेलने के बाद स्किन पर जलन, रैशेज, खुजली और एलर्जी जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में जरूरी है कि रंगों से खेलने से पहले और बाद में सही स्किन केयर रूटीन अपनाया जाए। अगर आप भी इस होली अपनी त्वचा को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो कुछ आसान लेकिन असरदार उपाय आपकी मदद कर सकते हैं। सही तैयारी और थोड़ी सावधानी से आप रंगों का मजा भी ले सकते हैं और स्किन को नुकसान से भी बचा सकते हैं।
होली से पहले ऐसे करें स्किन की तैयारी
तेल या मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं
होली खेलने से पहले चेहरे, गर्दन, हाथ और पैरों पर नारियल तेल, बादाम तेल या कोई अच्छा मॉइस्चराइजर अच्छी तरह लगा लें। इससे स्किन पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बन जाती है और रंग सीधे त्वचा में नहीं घुस पाते।
सनस्क्रीन लगाना न भूलें
अगर आप धूप में होली खेल रहे हैं, तो एसपीएफ 30 या उससे ज्यादा वाला सनस्क्रीन जरूर लगाएं। इससे स्किन टैनिंग और सन डैमेज से बची रहती है।
होंठ और आंखों का रखें खास ध्यान
लिप बाम लगाएं ताकि होंठ सूखें नहीं। आंखों के आसपास ज्यादा रंग लगाने से बचें और कॉन्टैक्ट लेंस पहनने से परहेज करें।
होली के बाद स्किन केयर कैसे करें
हल्के क्लींजर से साफ करें
रंग हटाने के लिए बार-बार सख्त साबुन का इस्तेमाल न करें। माइल्ड फेस वॉश या बेसन और दही का लेप लगाकर धीरे-धीरे साफ करें। स्किन को रगड़ें नहीं।
ठंडे पानी से धोएं
गर्म पानी स्किन को ड्राई कर सकता है। इसलिए रंग छुड़ाने के लिए ठंडे या गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें।
एलोवेरा जेल लगाएं
अगर स्किन पर जलन या रेडनेस हो रही है तो ताजा एलोवेरा जेल लगाएं। यह स्किन को ठंडक देता है और इरिटेशन कम करता है।
हाइड्रेशन बनाए रखें
होली के दिन ज्यादा पानी पिएं। शरीर हाइड्रेट रहेगा तो स्किन भी ग्लोइंग और हेल्दी दिखेगी।
केमिकल पील या स्क्रब से बचें
होली के तुरंत बाद स्किन पर हार्श स्क्रब या केमिकल ट्रीटमेंट न करवाएं। इससे स्किन और ज्यादा संवेदनशील हो सकती है।