भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चोरी हुई है। करीब 7 नकाबपोश बदमाश मंदिर परिसर में घुसे और गार्ड को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद वे साईं बाबा की मूर्ति पर चढ़े सोने-चांदी के मुकुट और दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि, अभी तक चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।
गार्ड ने पुलिस को बताया कि बदमाश अचानक उसके पास पहुंचे। उन्होंने उसके हाथ-पैर बांध दिए, आंख पर कपड़ा बांध दिया और नाक भी दबा दी। डंडे से पिटाई की गई और उसे कुर्सी से गिराकर तीन बार पटका गया। मारपीट के बाद वह बेहोश हो गया। उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं और इलाज कराया जा रहा है।