कोरापुट पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 200 करोड़ का गांजा तेल और 1144 किलो गांजा जब्त, तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका

Spread the love

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से लगे ओडिशा के कोरापुट जिले में पुलिस को एक ही दिन में दो बड़ी कामयाबी मिली है। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य के गांजा तेल और गांजा की बड़ी खेप जब्त कर तस्करों के नेटवर्क को करारा झटका दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई में पुलिस ने उड़ीसा-आंध्र प्रदेश सीमा पर स्थित जालपुट जलाशय के पास चल रही एक अस्थायी प्रोसेसिंग यूनिट पर छापा मारकर 1800 लीटर गांजा तेल जब्त किया। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा तेल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 200 करोड़ रुपये से अधिक है।

दूसरे राज्यों में की जा रही तस्करी 
साउथ वेस्टर्न रेंज के डीआईजी डॉ. कंवर विशाल सिंह को विशेष स्रोत से सूचना मिली थी कि, आंध्र-ओडिशा बॉर्डर पर गांजे से तेल निकालकर दूसरे राज्यों में तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर डीआईजी के निर्देश पर कोरापुट एसपी रोहित वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए टेम्परेरी प्रोसेसिंग यूनिट पर दबिश दी और भारी मात्रा में गांजा तेल बरामद किया।

तस्कर ऐसे करते थे तस्करी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पहले तस्कर गुप्त चैंबर या फलों की गाड़ियों के जरिए गांजा की तस्करी करते थे, लेकिन अब तस्करी का तरीका बदल गया है। माफिया गांजे से तेल निकालकर उसे कम जगह में अधिक कीमत पर दूसरे राज्यों में सप्लाई कर रहे हैं। 

1144 किलोग्राम गांजा जब्त
वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई में नंदपुर पुलिस ने 1144 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि, गांजा को दूसरे राज्यों में खपाने की तैयारी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम कर दी गई। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *