शादी के बाद पहली झलक, उदयपुर एयरपोर्ट पर रश्मिका-विजय ने फैंस को दिया फ्लाइंग किस; हैदराबाद में होगा ग्रैंड रिसेप्शन

Spread the love

शादी के बाद पहली बार साथ नजर आए साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा। शुक्रवार दोपहर दोनों उदयपुर से हैदराबाद के लिए रवाना हुए और एयरपोर्ट पर फैंस ने उन्हें घेर लिया। न्यूली वेड कपल ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाया, फ्लाइंग किस दिया और सिर झुकाकर आभार जताया।

रश्मिका रेड सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, जबकि विजय ने हल्के पिस्ता रंग का कुर्ता-पायजामा पहना था। दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे एयरपोर्ट के अंदर जाते दिखे। फैंस की भीड़ में उत्साह साफ नजर आ रहा था।

दोनों ने 26 फरवरी को उदयपुर के होटल मेंमेटोस एकाया में तेलुगु और कोडवा रीति-रिवाज से विवाह किया था। चार दिनों तक चले प्री-वेडिंग और वेडिंग समारोह में करीबी परिवार और दोस्त शामिल हुए। शादी के बाद अब 3 और 4 मार्च को हैदराबाद में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें साउथ और बॉलीवुड इंडस्ट्री के सितारों के साथ राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की चर्चा है।

शादी में शामिल हुए मेहमान भी उदयपुर से लौटते नजर आए। तेलुगु निर्देशक तरुण भास्कर, अभिनेत्री ईशा रेब्बा, स्टाइलिस्ट श्रव्या वर्मा और अन्य मेहमान एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए। फिल्म ‘कबीर सिंह’ और ‘एनिमल’ के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा भी सुबह हैदराबाद के लिए रवाना हो चुके थे। विजय के भाई आनंद देवरकोंडा ने भी सोशल मीडिया पर नवविवाहित जोड़े के साथ तस्वीर साझा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

शादी के दौरान रश्मिका ने सिंदूरी रंग की गोल्डन बॉर्डर वाली पारंपरिक साड़ी पहनी थी। माथे पर सोने की पट्टी, गहनों से सजा क्लासिक दक्षिण भारतीय ब्राइडल लुक और भावुक पल—जब मंगलसूत्र की रस्म के दौरान उनकी आंखें भर आईं—इन सबने समारोह को खास बना दिया। विजय ने धोती और सिंदूरी दुपट्टे के साथ पारंपरिक अंदाज अपनाया। परिवार ने नजर से बचाने के लिए दोनों के चेहरे पर काला टीका भी लगाया।

शादी के बाद डीजे नाइट का आयोजन हुआ, जहां फेमस डीजे गणेश रंगनाथन ने माहौल को संगीतमय बना दिया। साउथ फिल्मों के गानों के साथ रश्मिका की बॉलीवुड फिल्म ‘एनिमल’ और ‘छावा’ के गाने बजे। ‘पुष्पा’ का सुपरहिट ट्रैक ‘श्रीवल्ली’ भी डांस फ्लोर पर गूंजा।

सोशल मीडिया पर दोनों ने अपने-अपने अंदाज में शादी की तस्वीरें शेयर कर खास संदेश भी लिखा। रश्मिका ने फैंस को ‘माय हसबैंड’ से मिलवाते हुए पोस्ट किया, वहीं विजय ने भावुक शब्दों में अपने रिश्ते की गहराई जाहिर की।

अब सबकी नजरें हैदराबाद में होने वाले ग्रैंड रिसेप्शन पर टिकी हैं, जहां यह स्टार कपल एक बार फिर सुर्खियां बटोर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *