सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में 26 फरवरी 2026 को सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग एवं मेसर्स उदयोगी प्लास्टिक प्रा. लि., कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई), सीमित स्थान (कान्फाइंड स्पेस) में कार्य एवं ऊँचाई पर कार्य से संबंधित दो दिवसीय विशेष सुरक्षा प्रदर्शनी स्टॉल का उद्घाटन वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसीडी) श्री तुलाराम बेहेरा, मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी) श्री देबदत्त सतपथी, महाप्रबंधक प्रभारी (ऑपरेशन – कोक ओवन) श्री झगर सिंह, महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी) श्री एस के अग्रवाल सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे। इस पहल का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना तथा उच्च जोखिम वाले परिचालन क्षेत्रों में जोखिम-विशिष्ट सुरक्षा उपायों को बढ़ावा देना है।
प्रदर्शनी में संवेदनशील परिचालन क्षेत्रों में औद्योगिक कार्यों से संबंधित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए उन्नत एवं कार्य-विशिष्ट व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की व्यापक श्रृंखला प्रदर्शित की गई। मेसर्स उदयोगी प्लास्टिक प्रा. लि., कोलकाता के विशेषज्ञों द्वारा ऊँचाई पर कार्य, सीमित स्थान में प्रवेश, विद्युत अनुरक्षण कार्य एवं अन्य जोखिमपूर्ण औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त पीपीई उत्पादों के लाइव डेमो एवं प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए गए।
तकनीकी संवाद सत्रों के दौरान विशेषज्ञों ने पीपीई के उचित चयन, परीक्षण, उपयोग तथा अनुरक्षण से संबंधित विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जोखिम नियंत्रण की पदानुक्रम प्रणाली में पीपीई ‘अंतिम सुरक्षा कवच’ के रूप में कार्य करता है, इसलिए वैधानिक सुरक्षा प्रावधानों एवं सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। लाइव प्रदर्शन के माध्यम से कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों एवं संविदा कर्मियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ, जिससे जोखिम न्यूनीकरण उपायों तथा सुरक्षा अनुपालन की आवश्यकताओं के प्रति उनकी समझ विकसित करने में सहायता मिलेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सतत जागरूकता कार्यक्रमों एवं व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से सक्रिय सुरक्षा संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहलें विभाग के ‘शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
26 से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित इस सुरक्षा प्रदर्शनी के माध्यम से कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों को सुरक्षा विशेषज्ञों के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने उन्नत पीपीई उपकरणों का अवलोकन कर कार्य-विशिष्ट सुरक्षा उपायों एवं सुरक्षित कार्य-पद्धतियों के प्रति अपनी समझ को और अधिक सुदृढ़ किया। टीम कोकओवन ने सतत सुरक्षा उन्नयन के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सभी कर्मचारियों एवं हितधारकों से सुरक्षा संबंधी पहलों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।