छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तपकरा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से 67 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक लाल उमेंद सिंह के अनुसार, सूचना के आधार पर तपकरा पुलिस ने ओडिशा की ओर से आ रही सिल्वर रंग की एक हुंडई कार (नंबर: KS-8B-X-8014) को रोका। वाहन संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई, जिसमें सफेद बोरियों में भरे 65 पैकेट गांजा मिले। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 33.50 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन की कीमत लगभग 6.50 लाख रुपये बताई गई। इस तरह कुल जब्ती लगभग 40 लाख रुपये की है।
कार चला रहा युवक बिहार के वैशाली जिले का निवासी सुमन कुमार निकला। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा ओडिशा से लाकर छत्तीसगढ़ के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जशपुर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर सख्ती से नजर रखी जा रही है।