बिलासपुर में यूपी कनेक्शन का खुलासा, ब्राउन शुगर और गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सकरी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन युवकों को ब्राउन शुगर और गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर और 25 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशीली सामग्री की सप्लाई उत्तरप्रदेश के प्रयागराज से की जा रही थी। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर और ग्रामीण इलाकों में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती बरती जा रही है। इसी अभियान के तहत सकरी पुलिस को सूचना मिली कि तालपारा के तैयबा चौक निवासी हमीद अंसारी (33) आसमा सिटी से मेण्ड्रा रोड पर संदिग्ध स्थिति में खड़ा है और उसके पास नशीला पदार्थ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की और मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान हमीद अंसारी के पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह मंगला स्थित अभिषेक नगर निवासी अमन तिवारी (24) और रामा लाइफ कॉलोनी निवासी ईशांत सिंह मंडलोई (24) के माध्यम से प्रयागराज से ब्राउन शुगर और गांजा मंगवाता था। उसने यह भी बताया कि नशीली सामग्री ईशांत मंडलोई के घर में रखी जाती थी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रामा लाइफ सिटी स्थित मकान की तलाशी ली, जहां से 25 ग्राम गांजा, चार चिलम और दो लाइटर जब्त किए गए। इसके बाद अमन तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गौरतलब है कि ईशांत सिंह मंडलोई को पुलिस एक दिन पहले ही एक अन्य मामले में पकड़ चुकी थी। वह अपने साथियों के साथ थार वाहन में घूम रहा था और एक्सीडेंट के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ा था और उनके पास से चाकू भी बरामद हुआ था। उस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। अब ईशांत पर ब्राउन शुगर सप्लाई से जुड़ा मामला भी दर्ज हो गया है।

पूरे घटनाक्रम से यह स्पष्ट होता है कि नशे की सप्लाई स्थानीय स्तर तक पहुंचाने के लिए बाहरी राज्यों से नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *