भिलाई. इस्पात नगरी भिलाई में आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार भव्य ‘स्वदेशी मेला’ का आयोजन किया जा रहा है। स्वदेशी जागरण फाउंडेशन की इकाई भारतीय विपणन विकास केंद्र द्वारा आयोजित यह मेला 13 से 19 मार्च 2026 तक जयंती स्टेडियम के सामने मैदान में लगेगा।
बैठक में बनी रूपरेखा
इस आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भिलाई होटल स्थित कॉफी हाउस में एक प्रारंभिक बैठक संपन्न हुई।
बैठक में समाज के विविध संगठनों के प्रतिनिधि, समाजसेवी, और स्वदेशी प्रेमी बंधु शामिल हुए।
22 राज्यों के स्टॉल और व्यंजन आकर्षण का केंद्र
मेला सहायक प्रबंधक जी.आर. जगत ने बताया कि मेले में वृहत डोम (Dome) लगाए जाएंगे, जिसमें भारत के 22 राज्यों के स्टॉल सहभागिता करेंगे। इसके अलावा, स्थानीय स्वदेशी उत्पादों को भी विशेष मंच दिया जाएगा। मेले में स्वदेशी वस्तुओं की पहचान के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और लजीज व्यंजनों के स्टॉल मुख्य आकर्षण होंगे।
मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए प्रांत मेला प्रमुख अमर बंसल ने मार्गदर्शन किया, वहीं आयोजन समिति की भूमिका पर सुब्रत चाकी (प्रबंधक, भारतीय विपणन विकास केंद्र) ने विस्तृत जानकारी दी।
बैठक का संचालन दिनेश पाटिल (प्रांत प्रमुख, संघर्ष वाहिनी) ने किया। बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स, लघु उद्योग भारती, प्रबोध भारती के पदाधिकारियों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
