गरियाबंद में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता : बड़े पैमाने पर नक्सलियों के हथियार और 46 लाख नकद बरामद

Spread the love

गरियाबंद – गरियाबंद जिले के ग्राम बडेगोबरा के सांपसाटी जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माओवादियों द्वारा डंप कर छिपाकर रखी गई 46 लाख 31 हजार 500 रुपए की नकद राशि, आर्म्स-इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एम्युनेशन और हथियारों का जखीरा बरामद किया है। यह संयुक्त कार्रवाई जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम और डीआरजी धमतरी द्वारा की गई। 

पुलिस के अनुसार, शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से पूछताछ में प्रतिबंधित संगठन सीपीआई के धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिविजन के शीर्ष नेताओं द्वारा उक्त क्षेत्र में डंप छिपाकर रखने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर 28 फरवरी को संयुक्त टीम को चिन्हित स्थान पर रवाना किया गया। सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान पहाड़ी क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से डंप सामग्री बरामद की गई।

यह हुआ बरामद
46,31,500 रुपए नकद, एक भरमार बंदूक, 33 भरमार राउंड, एक सुरका राइफल, 32 बीजीएल सेल, एक लैपटॉप, दो मोबाइल, इंसास, एसएलआर, एके-47 और 303 सहित विभिन्न हथियारों के कुल सैकड़ों राउंड, 13 इलेक्ट्रॉनिक और 10 नॉन-इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर के अलावा बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री बरामद हुई।

भालूडिग्गी पहाड़ में होता था नक्सलियों का डेरा
चलपति भालूडिग्गी पहाड़ से धमतरी, नुआपड़ा और गरियाबंद जिले को कंट्रोल करता था। ये पहाड़ नक्सलियों का डेरा होता था, हालांकि अब यहां एक भी नक्सली नहीं बचे हैं। मामला मैनपुर थाना क्षेत्र का है। पहले डंप से बरामद कैश में 2 लाख के 2 हजार के पुराने नोट और बाकी 500 रुपए के नोट हैं। दूसरे डंप में ग्रेनेड, बंदूक, हथियार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *