छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी में पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन से 2 क्विंटल 74 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त खेप की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 37 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बसना थाना पुलिस ने एक अशोक लीलैंड “दost” वाहन को रोका, जिसमें घरेलू सामान के बीच बेहद चालाकी से गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को बड़े पैमाने पर मादक पदार्थ मिला, जिसके बाद मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा के अलावा वाहन और एक मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 1 करोड़ 44 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन यादव, निवासी सागर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और किस राज्य में सप्लाई की जानी थी। अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।