छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बालूद स्थित ‘छू लो आसमान’ बॉयज छात्रावास में कक्षा 10वीं के एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। मृतक की पहचान रौशन तेलाम के रूप में हुई है, जो कुआकोंडा ब्लॉक के नेरली गांव का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के लगभग 3 बजे कुछ छात्र बाथरूम की ओर गए, जहां उन्होंने रौशन को छात्रावास की सीढ़ियों के ग्रिल से फंदे पर लटका देखा। इसके बाद तत्काल छात्रावास अधीक्षक को सूचना दी गई। अधीक्षक ने पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि छात्र ने अपने हाथ पर पेन से एक संदेश भी लिखा था, जिसमें उसने इस कदम को अपनी मर्जी से उठाने की बात कही और किसी को परेशान न करने की अपील की। हालांकि पुलिस इस संदेश सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं। छात्रावास के पास ही 12वीं बोर्ड परीक्षा केंद्र संचालित हो रहा है। संवेदनशील माहौल को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और हॉस्टल स्टाफ, शिक्षकों तथा छात्रों से पूछताछ की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने।
मृतक के भाई मोहन तेलामी ने बताया कि परिवार में किसी तरह का विवाद नहीं था और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि रौशन ने ऐसा कदम क्यों उठाया। वहीं साथी छात्रों के मुताबिक, देर रात करीब 1 बजे तक वह पढ़ाई कर रहा था और उसके बाद सभी सो गए। सुबह वह मृत अवस्था में मिला।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो स्थानीय हेल्पलाइन या विश्वसनीय परामर्शदाता से तुरंत संपर्क करना महत्वपूर्ण है। समय पर मदद कई बार जीवन बचा सकती है।