कवर्धा में ‘छल्ला गैंग’ का भंडाफोड़, महीनों से दहशत फैला रहे 6 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

कवर्धा जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से सक्रिय ‘छल्ला गैंग’ का पर्दाफाश कर दिया है। राहगीरों और व्यापारियों को निशाना बनाने वाले इस गिरोह के छह सदस्यों को, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह गैंग सुनसान और अंधेरे रास्तों को अपना ठिकाना बनाकर वारदातों को अंजाम देता था। बाहरी लोगों, छोटे कारोबारियों और अकेले सफर करने वालों को रोककर धमकाया जाता और उनसे नकदी व सामान लूट लिया जाता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर निगरानी बढ़ाई और छापेमारी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से नकदी, वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि गिरोह अपने आप को ‘छल्ला गैंग’ के नाम से पहचानता था और इसी नाम के सहारे इलाके में खौफ पैदा करता था।

जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताया कि कुकदुर बैगा बहुल क्षेत्र है, जहां सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर आरोपी वारदात करते थे। उन्होंने यह भी कहा कि कई मामलों में आरोपियों ने पीड़ितों के साथ मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल था।

फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस पूछताछ जारी है और आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *