छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है, जिसमें 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया। पुलिस के अनुसार, छात्रा अपने एक सहपाठी के साथ रजही डैम गई थी, जहां दो युवकों ने उनका पीछा कर आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में उसी वीडियो को आधार बनाकर छात्रा को कथित रूप से बंधक बनाकर ब्लैकमेल किया गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। मामला दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र का है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, रविवार दोपहर छात्रा को उसका क्लासमेट बहला-फुसलाकर डैम ले गया। वहां मौजूद दो युवकों—वासुदेव विश्वकर्मा (21) और लोमन गोंड (28)—ने दोनों का पीछा कर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को डराया-धमकाया और कथित रूप से मारपीट भी की।
शाम तक छात्रा घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ट्यूशन क्लास और सहेलियों से पूछताछ के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिजन थाने पहुंचे। इसी बीच देर रात छात्रा घर लौटी और उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसी रात मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। नाबालिग सहपाठी को बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
