देश के प्रमुख सरकारी बैंक Punjab National Bank ने अपने कई डेबिट कार्ड्स के लिए एटीएम से नकद निकालने की सीमा घटाने का फैसला किया है। बैंक के नए नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे। इस बदलाव के तहत कुछ कार्ड्स पर रोजाना कैश निकालने की लिमिट लगभग 50% तक कम कर दी गई है। बैंक का कहना है कि यह फैसला ग्राहकों की सुरक्षा बढ़ाने और फ्रॉड के मामलों को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत जिन डेबिट कार्ड्स पर पहले प्रतिदिन ₹1 लाख तक कैश निकालने की सुविधा थी, उनकी सीमा अब घटाकर ₹50,000 कर दी गई है। इसी तरह कुछ प्रीमियम डेबिट कार्ड्स की लिमिट पहले ₹1.5 लाख थी, जिसे अब घटाकर ₹75,000 प्रतिदिन कर दिया गया है।
जिन कार्ड्स पर अब ₹50,000 की दैनिक सीमा लागू होगी उनमें RuPay NCMC Platinum Debit Card (डोमेस्टिक और इंटरनेशनल), RuPay Women Power Platinum Debit Card, PNB Palash Debit Card, मास्टरकार्ड प्लैटिनम और वीजा गोल्ड डेबिट कार्ड तथा PNB Mastercard Platinum Rise Debit Card शामिल हैं।
वहीं कुछ प्रीमियम कार्ड्स पर नई दैनिक सीमा ₹75,000 तय की गई है। इनमें RuPay Select Debit Card (नियो और एक्सेल वेरिएंट), वीजा सिग्नेचर डेबिट कार्ड और मास्टरकार्ड बिजनेस डेबिट कार्ड शामिल हैं।
बैंक ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी बयान में कहा है कि एटीएम से कैश निकालने की लिमिट कम करने का उद्देश्य ग्राहकों को होने वाले संभावित नुकसान को कम करना है। अगर किसी प्रकार की धोखाधड़ी होती है तो कम लिमिट होने से नुकसान की राशि भी सीमित रह सकती है। इसके साथ ही बैंक ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहता है।
ग्राहकों को यह सुविधा भी दी गई है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार एटीएम लिमिट को बैंक द्वारा तय सीमा के भीतर खुद सेट या बदल सकते हैं। इसके लिए बैंक ने कई डिजिटल विकल्प उपलब्ध कराए हैं। ग्राहक PNBOne मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, व्हाट्सएप बैंकिंग या IVR कॉल के माध्यम से अपनी डेली लिमिट को अपडेट या रिसेट कर सकते हैं।
मोबाइल ऐप के जरिए लिमिट बदलने के लिए सबसे पहले PNBOne ऐप में लॉगिन करना होगा। इसके बाद ‘Services’ सेक्शन में जाकर ‘Debit Cards’ विकल्प चुनना होगा। यहां ‘Update ATM Limit’ पर क्लिक करके अपना अकाउंट नंबर और डेबिट कार्ड सेलेक्ट करना होगा। इसके बाद नई लिमिट दर्ज कर ट्रांजैक्शन पासवर्ड के जरिए इसे कन्फर्म किया जा सकता है।
बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन कार्ड्स का नाम इस नई सूची में शामिल नहीं है, उनकी एटीएम से कैश निकालने की सीमा पहले जैसी ही बनी रहेगी। इसके अलावा दुकानों पर कार्ड स्वाइप करने या ऑनलाइन शॉपिंग करने की ट्रांजैक्शन लिमिट में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
एटीएम विड्रॉल लिमिट वह अधिकतम राशि होती है जिसे कोई ग्राहक 24 घंटे के भीतर अपने डेबिट कार्ड की मदद से एटीएम मशीन से निकाल सकता है। अलग-अलग बैंक और कार्ड कैटेगरी के अनुसार यह सीमा अलग-अलग तय की जाती है और समय-समय पर सुरक्षा कारणों से इसमें बदलाव भी किया जाता है।