प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के मास्टर्स वर्ग में भारतीय ग्रैंडमास्टर Aravindh Chithambaram ने शानदार रणनीति के साथ मौजूदा विश्व चैंपियन D Gukesh को मात दे दी। छठे दौर में खेले गए इस मुकाबले में अरविंद ने काले मोहरों से खेलते हुए धैर्य और सटीक चालों के दम पर 48 चालों में जीत दर्ज की।
मुकाबले के दौरान एक समय ऐसा लग रहा था कि खेल ड्रॉ की ओर बढ़ सकता है, लेकिन 40वीं चाल में गुकेश से हुई एक अहम गलती ने मैच का रुख बदल दिया। अरविंद ने इस चूक का पूरा फायदा उठाया और धीरे-धीरे बढ़त बनाते हुए अंततः बाजी अपने नाम कर ली।
इस जीत का असर रेटिंग पर भी देखने को मिला है। हार के बाद गुकेश लाइव रेटिंग सूची में खिसककर 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं। विश्व खिताब जीतने के बाद से वह लगातार अपने प्रदर्शन को लेकर संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। इस साल जनवरी में हुए Tata Steel Chess Tournament में भी वह टाईब्रेकर में हमवतन R Praggnanandhaa से हार गए थे।
मैच के दौरान अरविंद ने शुरुआत में फिलिडोर डिफेंस अपनाया, लेकिन बाद में स्थिति के अनुसार सिसिलियन डिफेंस का सहारा लिया। मिडिल गेम में गुकेश ने आक्रामक रणनीति के तहत एक प्यादा कुर्बान कर दिया, जिससे खेल जटिल हो गया। हालांकि आगे चलकर उनकी एक गलती ने पूरी बाजी पलट दी और अरविंद ने संयम बनाए रखते हुए जीत हासिल कर ली।
टूर्नामेंट के अन्य मुकाबलों की बात करें तो अधिकांश मैच ड्रॉ रहे। Jorden van Foreest ने स्थानीय खिलाड़ी David Navara के साथ ड्रॉ खेलकर 4.5 अंकों के साथ एकल बढ़त बनाए रखी है। वहीं नवारा चार अंकों के साथ Nodirbek Abdusattorov के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
एक अन्य मुकाबले में Parham Maghsoodloo के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद David Anton Guijarro 3.5 अंकों के साथ अगले स्थान पर हैं। इसके बाद अरविंद, Vincent Keymer और Nodirbek Yakubboev का स्थान आता है। Hans Niemann 1.5 अंक के साथ गुकेश से ठीक ऊपर हैं।
वहीं चैलेंजर्स वर्ग में Divya Deshmukh ने नीदरलैंड के Thomas Beerdsen के साथ ड्रॉ खेला। दूसरी ओर Surya Shekhar Ganguly और स्पेन के Daniel Yuffa के बीच भी मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ।