टी-20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। फाइनल से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए आठ खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है। इस सूची में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन का नाम भी शामिल है, जिन्होंने कम मैच खेलने के बावजूद अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है।
संजू सैमसन ने इस टूर्नामेंट में केवल चार मुकाबले खेले हैं, लेकिन बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 232 रन बना दिए। खास बात यह है कि भारत के पिछले दो मैचों में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने भारत को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट की शुरुआत में हालांकि सैमसन को प्लेइंग-11 में जगह भी नहीं मिल रही थी। टीम प्रबंधन ने ओपनिंग के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को मौका दिया था, जबकि नंबर तीन पर तिलक वर्मा बल्लेबाजी कर रहे थे। नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले अभिषेक शर्मा के बीमार होने के कारण सैमसन को टीम में मौका मिला। उस मैच में उन्होंने केवल आठ गेंदों में 22 रन की तेज पारी खेली।
इसके बाद अभिषेक शर्मा के फिट होने पर सैमसन को फिर से बाहर बैठना पड़ा। पाकिस्तान, नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैचों में वह बेंच पर ही रहे। सुपर-8 चरण में भारत अपना पहला मुकाबला हार गया, जिसके बाद टीम प्रबंधन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में रिंकू सिंह की जगह सैमसन को मौका दिया और उन्हें ओपनिंग की जिम्मेदारी भी सौंपी।
सैमसन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वापसी मैच में 24 रन बनाए और उसके बाद उनका बल्ला पूरी तरह से चल पड़ा। वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहद अहम मुकाबले में उन्होंने नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली और भारत को 197 रन का लक्ष्य हासिल करने में मदद की। इसके बाद सेमीफाइनल में भी उन्होंने 89 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। सिर्फ चार मैचों में सैमसन 16 छक्के जड़ चुके हैं और यही प्रदर्शन उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ की दौड़ में मजबूत दावेदार बनाता है।
इस अवॉर्ड की रेस में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान भी शामिल हैं, जिन्होंने टूर्नामेंट में दो शतक लगाते हुए कुल 383 रन बनाए। यह किसी भी टी-20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। हालांकि उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान की टीम नॉकआउट दौर तक नहीं पहुंच सकी।
इसके अलावा इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने टूर्नामेंट में 226 रन बनाने के साथ 9 विकेट भी हासिल किए और अपनी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने 12 विकेट लेकर अपनी टीम के सबसे सफल गेंदबाज के रूप में पहचान बनाई।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ऐडन मार्करम ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 286 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 128 रन बनाने के साथ 11 विकेट भी लिए और टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित हुए। न्यूजीलैंड के ही टिम साइफर्ट ने 274 रन बनाकर अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक लगाए और दो बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी बने।
अमेरिका के शेडली वान शाल्कविक भी इस सूची में शामिल हैं। उन्होंने ग्रुप स्टेज के केवल चार मैचों में 13 विकेट लेकर टूर्नामेंट के टॉप विकेट-टेकर बनने का कारनामा किया।
ICC ने इन आठ खिलाड़ियों के लिए आधिकारिक वोटिंग भी शुरू कर दी है। क्रिकेट फैंस ICC की वेबसाइट पर जाकर अपने पसंदीदा खिलाड़ी को वोट दे सकते हैं। इसके साथ ही ICC के विशेषज्ञ पैनल और कमेंटेटरों के वोट भी इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। फाइनल मुकाबले के बाद यह घोषित किया जाएगा कि टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ कौन बना।