टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले नोएडा पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक बड़े सट्टा नेटवर्क की योजना धरी की धरी रह गई। बताया जा रहा है कि यह गिरोह फाइनल मैच में भी बड़े पैमाने पर सट्टा लगवाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना है। इस बड़े मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार में भी हलचल थी और कई सिंडिकेट लोगों से बड़े पैमाने पर दांव लगवा रहे थे। इसी बीच नोएडा पुलिस को सूचना मिली कि एक संगठित गिरोह ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टेबाजी करा रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि इस गैंग का मास्टरमाइंड विनय सहगल नाम का व्यक्ति है, जो दिल्ली का रहने वाला है। वह मोबाइल एप और ऑडियो कम्युनिकेशन के जरिए लोगों से ऑनलाइन सट्टा लगवा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की और मौके से विनय सहगल समेत नवदीप सिंह, राजीव शर्मा, सलील सेठ और देव कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में बड़े पैमाने पर सट्टा लगवा चुका था। गिरोह की योजना भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मैच पर भी दांव लगवाने की थी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद उनकी यह योजना पूरी नहीं हो सकी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं। इनमें 32 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, तीन टैबलेट, तीन डेस्कटॉप कंप्यूटर के साथ असेंबल लाइन बॉक्स और आईसी रिकॉर्डर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जिस स्थान से यह अवैध कारोबार चला रखा था, उसे पूरी तरह कॉल सेंटर जैसा बना दिया था ताकि किसी को शक न हो।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सट्टेबाजी में शामिल बड़े खिलाड़ियों के नाम भी जांच के दौरान सामने आ सकते हैं।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई अवैध सट्टेबाजी पर रोक लगाने के लिए की गई है। भारत में सट्टा खेलना कानूनन अपराध है और ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर जुर्माना, सजा या दोनों हो सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों से दूर रहें और कहीं भी सट्टेबाजी की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को जानकारी दें।