मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश के सहकारी बैंकिंग सेक्टर में अधिकारी, क्लर्क और प्रबंधकीय श्रेणी के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है और इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि आज तय की गई है। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे बिना देर किए तुरंत ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें।
यह भर्ती अभियान Madhya Pradesh Rajya Sahakari Bank द्वारा चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेश के 38 जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों (DCCB) में कुल 2076 पद भरे जाएंगे। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट apexbankmp.bank.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 2076 रिक्तियों में से 313 पद अधिकारी श्रेणी के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 1763 पद क्लर्क और अन्य लिपिकीय श्रेणी के लिए रखे गए हैं। इन पदों में कंप्यूटर ऑपरेटर, सोसायटी प्रबंधक, कंप्यूटर प्रोग्रामर, वित्तीय विश्लेषक, आंतरिक लेखा परीक्षक, शाखा प्रबंधक और लेखाकार जैसे कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। भर्ती के माध्यम से कंप्यूटर ऑपरेटर के 748 पद, संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर के 176 पद और सोसायटी मैनेजर के 839 पद भरे जाने हैं।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अलग-अलग पदों के लिए अलग मानदंड तय किए गए हैं। कंप्यूटर प्रोग्रामर पद के लिए उम्मीदवार के पास बीई या बीटेक (सीएस या आईटी), एमएससी (सीएस या आईटी) या एमसीए की डिग्री के साथ कम से कम दो वर्ष का अनुभव होना जरूरी है। वहीं वित्तीय विश्लेषक और इंटरनल ऑडिटर पदों के लिए स्नातक या स्नातकोत्तर के साथ एमबीए, सीए या आईसीडब्ल्यूए जैसी योग्यता और दो साल का अनुभव मांगा गया है। शाखा प्रबंधक के लिए स्नातक या स्नातकोत्तर के साथ कम से कम एक वर्ष का अनुभव अनिवार्य रखा गया है।
कंप्यूटर ऑपरेटर और सोसायटी मैनेजर पदों के लिए उम्मीदवार का स्नातक होना जरूरी है, साथ ही उसके पास एक वर्ष का कंप्यूटर डिप्लोमा या समकक्ष योग्यता भी होनी चाहिए। कंप्यूटर प्रोग्रामर द्वितीय श्रेणी के लिए बीई, बीटेक, बीएससी, एमएससी या एमसीए के साथ अनुभव की शर्त लागू की गई है।
आयु सीमा की बात करें तो अधिकारी और क्लर्क पदों के लिए उम्मीदवार की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष तक रखी गई है। मध्य प्रदेश के मूल निवासियों को आयु सीमा में विशेष छूट का लाभ दिया जाएगा। इसमें महिला उम्मीदवारों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और राज्य के बैंक कर्मचारियों को पांच वर्ष तक की छूट मिलेगी।
वेतनमान भी पद के अनुसार निर्धारित किया गया है। सीनियर मैनेजमेंट ग्रेड-2 के पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 42,700 रुपये से 1,35,100 रुपये तक वेतन मिलेगा। मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड-1 के लिए वेतनमान 36,200 से 1,14,800 रुपये तक तय किया गया है, जबकि मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड-2 के पदों पर 32,800 से 1,03,600 रुपये तक वेतन दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क भी अलग-अलग श्रेणियों के लिए अलग तय किया गया है। एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकारी पदों के लिए 800 रुपये के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी देना होगा, जबकि क्लर्क पदों के लिए 650 रुपये के साथ जीएसटी देना होगा। वहीं सामान्य और अन्य वर्गों के उम्मीदवारों को अधिकारी पद के लिए 1100 रुपये और क्लर्क पद के लिए 850 रुपये के साथ जीएसटी का भुगतान करना होगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट mprsb.com पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर संबंधित भर्ती लिंक पर क्लिक करके आवेदन पत्र भरना होगा। उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण और श्रेणी संबंधी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके साथ फोटो, हस्ताक्षर और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड कर ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन सबमिट करने के बाद आवेदन आईडी सुरक्षित रखना और उसका प्रिंटआउट निकालना भी जरूरी है।
जो उम्मीदवार सहकारी बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह भर्ती एक अच्छा अवसर मानी जा रही है। क्योंकि बड़ी संख्या में पदों पर भर्ती होने से प्रदेश के युवाओं को रोजगार का मौका मिल सकता है।