Meta Pixel

एक बीयर बोतल में दो-दो ब्रांड के स्टीकर : राजनांदगांव में ग्राहकों ने वीडियो बनाकर किया वायरल

Spread the love

राजनांदगांव। शहर में अपनी पसंद की बीयर लेने पहुंचे एक मदिराप्रेमी को उस समय झटका लगा, जब उसने बीयर की बोतल में लगे स्टीकर को हटाया। सामान्य तौर पर स्टीकर के भीतर सीधे बोतल होनी चाहिए, लेकिन इस मामले में स्टीकर के भीतर दूसरी कंपनी का स्टीकर लगा हुआ था। जिसका वीडियो बनाकर भी ग्राहक ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद आबकारी विभाग में भी हड़कंप मच गया है। विभाग ने इस पूरे मामले की एक रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश स्तर पर भी भेज दिया है।

हालांकि बताया गया कि यह पहला मामला नहीं है, ऐसे ही मामले प्रदेश के दूसरे इलाकों से भी सामने आ चुके हैं, जहां इसी कंपनी की बीयर बोतल के भीतर दूसरे ब्रांड का स्टीकर लगा हुआ था। उस दौरान भी हंगामा मचने के बाद प्रदेश का आबकारी महकमा हरकत में आया था और उसने संबंधित कंपनी को न केवल नोटिस जारी की थी, बल्कि मामले में उस पर जुर्माना भी लगाया गया था। बताया गया कि कंपनी ने जुर्माना जमा भी कर दिया है। पांच महीने के भीतर उसी कंपनी की बीयर पर दोबारा वही मामला सामने आने से विभाग में भी हड़कंप मच गया है। इधर आबकारी विभाग ने इस मामले में अपनी पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली है। बताया गया कि रिपोर्ट में किस तरह से इस बीयर की बिक्री की गई इसका पूरा ब्योरा प्रदेश स्तर पर भेजा गया है। इधर, एक बीयर की बोतल में दो अलग-अलग ब्रांड के स्टीकर मिलने के बाद उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया है। वीडियो को देखने के बाद यह लोगों में चर्चा का विषय भी बना हुआ है। वहीं विभाग ने भी वीडियो को संज्ञान में लेते अपनी कार्रवाई कर ली है।

बेचने की थी मनाही
स्थानीय आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के सूरजपुर में ऐसी ही एक घटना नवंबर महीने में सामने आई थी। जिसके बाद प्रदेश स्तर से सभी जिलों को इस कंपनी की बीयर बेचने पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी गई थी। ऐसे में उस बीयर का स्टॉक प्रीमियम वाइन शॉप में पड़ा हुआ था। बताया गया कि होली त्यौहार के दौरान शहर के अंबेडकर चौक स्थित प्रीमियम वाइन शॉप में सेल्समेन ने उसे एक ग्राहक को बेच दिया था। हालांकि विभाग ने उक्त सेल्समेन को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है।

जारी की नोटिस
आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि,  उक्त बीयर बोतल की बिक्री की मनाही के बाद भी शहर स्थित प्रीमियम वाइन शॉप में एक सेल्समेन द्वारा उक्त बीयर की बिक्री कर दी गई थी। इस मामले में संबंधित कर्मचारी को नोटिस जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *