Meta Pixel

नहीं रहे भाजपा के कद्दावर नेता सुरेश डुलानी : नेताओं, सामाजिक संगठन प्रमुखों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने दी अंतिम विदाई

Spread the love

राजनांदगांव। वरिष्ठ भाजपा नेता, समाजसेवी, उद्यमी और अनेक सामाजिक संगठनों से जुड़े कद्दावर नेता सुरेश डुलानी का आज लगभग 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। लेकिन आज दोपहर 12:35 बजे वे जिंदगी की जंग हार गए। आज शाम हुए उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, उद्यमी और समाजसेवी शामिल हुए।

काफी समय से जिंदगी की जंग लड़ रहे सुरेश डुलानी का आज दोपहर निधन हो गया। वे अपने पीछे धर्मपत्नी, पुत्र रवि डुलानी, पुत्रवधू और नाती-पोतों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए। स्वर्गीय सुरेश डुलानी प्रसिद्ध एमडी मेडिसिन चिकित्सक डॉ. एमडी दुलानी के छोटे भाई और व्यवसाय जगत से जुड़े राजकुमार और संजय डुलानी के बड़े भाई थे। शाम 5 बजे लालबाग हाउसिंग बोर्ड स्थित निवास स्थान से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई और लखोली स्थिति मुक्ति धाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया। लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। सुरेश डुलानी भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूज्य सिंधी पंचायत, गौशाला पिंजरा पोल, उदयाचल, राम दरबार समिति, चेंबर ऑफ कॉमर्स जैसी अनेक सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं से जुड़े रहे।

भाजपा के कद्दावर नेताओं में होती थी गिनती 
उल्लेखनीय है कि सुरेश डुलानी को भाजपा के कद्दावर नेताओं में गिना जाता था। कुछ समय से वे सक्रिय राजनीति से दूर थे लेकिन सन 80 और 90 के दशक में पार्टी के भीतर उनका भारी दबदबा था। सत्ता प्राप्ति के संघर्ष में भाजपा के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहा। छत्तीसगढ़ राज्य बनने और भाजपा की सरकार आने के बाद देश और प्रदेश के बड़े नेताओं से उनके संपर्क और घनिष्ठ हो गए थे।

कद्दावर मंत्रियों से थी निकटना 
पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में श्याम जाजू और प्रदेश में पूर्व कद्दावर मंत्रियों बृजमोहन अग्रवाल एवं अमर अग्रवाल से उनकी निकटता सर्वविदित थी। सुरेश डुलानी शुरुआत में समाजवादी नेता रहे लेकिन बाद में दो धड़े होने के पश्चात वे भाजपा से जुड़ गए। सन 1992 मे वे पहली बार जिला भाजपा के महामंत्री बने और इस पद पर अगले 6 साल तक कार्यरत रहे। भारतीय जनता पार्टी में आज भी सुरेश डुलानी को संगठन के सबसे मजबूत महामंत्रियों में सबसे ऊपर गिना जाता है। उन्होंने इस पद का राजनीतिक कद बढ़ा दिया था।

बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं जताया शोक 
अंतिम संस्कार में वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक शर्मा, खूबचंद पारख, सुरेश लाल, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, रमेश पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, समाजसेवी, उद्योगपति और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मुखाग्नि उनके सुपुत्र रवि डुलानी ने दी। अंतिम संस्कार के बाद मुक्तिधाम में हुई शोक सभा में स्वर्गीय डुलानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को सिर्फ पूज्य सिंधी पंचायत ही नहीं बल्कि हरेक समाज, सेवाभावी संस्थाओं और भाजपा के लिए बड़ी क्षति बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *