सरगुजा जिले के लुंड्रा-बरगीडीह मार्ग में मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे युवक को टककर मार दी। तेज रफ्तार में हुई टक्कर से युवक उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे महोरा निवासी सुबोध (24 वर्ष) अपने खेत में पानी पटाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान लुंड्रा की ओर से बगीचा की तरफ जा रही अल्टो कार क्रमांक सीजी10 के 3366 ने तेज रफ्तार में सुबोध को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से सुबोध उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान हो गई मौत स्थानीय लोगों ने डायल 112 को इसकी सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर परिजन हॉस्पिटल पहुंच गए थे। घटना के बाद कार का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। लुंड्रा पुलिस ने मामले में कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि कार जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।