Meta Pixel

महाकुंभ ‘वायरल गर्ल’ ने की शादी: मुस्लिम प्रेमी संग हिंदू रीति-रिवाजों से लिए फेरे, डायरेक्टर ने कहा ये “लव जिहाद” है

Spread the love

प्रयागराज : प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान अपनी सादगी और आकर्षक आंखों से इंटरनेट पर सुर्खियां बटोरने वाली मोनालिसा भोसले एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। सोशल मीडिया पर ‘वायरल गर्ल’ के नाम से मशहूर मोनालिसा ने केरल के एक मंदिर में अपने मुस्लिम मित्र फरमान खान के साथ शादी कर ली है। यह विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ, लेकिन इसके सार्वजनिक होते ही उत्तर प्रदेश से लेकर केरल तक हड़कंप मच गया है।

​मंदिर में सिंदूर और मंगलसूत्र के साथ संपन्न हुई वैवाहिक रस्में

​मोनालिसा और फरमान खान की शादी का जो वीडियो सामने आया है, उसमें दोनों केरल के एक मंदिर में हिंदू परंपराओं का पालन करते दिख रहे हैं। लाल और गोल्डन सिल्क साड़ी में सजी मोनालिसा के साथ फरमान खान सफेद शर्ट और पारंपरिक मुंडू पहने नजर आए।

मुस्लिम धर्मावलंबी होने के बावजूद फरमान ने हिंदू रीतियों के अनुसार मोनालिसा की मांग में सिंदूर भरा और उन्हें मंगलसूत्र पहनाया। बताया जा रहा है कि यह विवाह केरल के स्थानीय निवासियों के सहयोग से संपन्न कराया गया, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

​पिता से जान का खतरा और पुलिस से सुरक्षा की गुहार

​शादी के तुरंत बाद मोनालिसा ने अपने परिवार, विशेषकर अपने पिता जयसिंह भोसले से अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने केरल पुलिस के पास पहुँचकर सुरक्षा की मांग की और स्पष्ट किया कि वह अपनी मर्जी से फरमान के साथ रहना चाहती हैं। मोनालिसा के अनुसार, अलग-अलग धर्म होने के कारण उनका परिवार इस रिश्ते का कड़ा विरोध कर रहा है और उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है।

पुलिस ने मोनालिसा के बालिग होने की पुष्टि करने के बाद उन्हें अपनी इच्छा के अनुसार जीवन जीने की अनुमति दे दी है, हालांकि मामला अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है।

​डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने ये कहा ‘लव जिहाद’ 

​मोनालिसा को अपनी आगामी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में ब्रेक देने वाले बॉलीवुड डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने इस विवाह पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मिश्रा का आरोप है कि मोनालिसा एक सोची-समझी साजिश यानी ‘लव जिहाद’ का शिकार हुई हैं।

उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा को ट्यूशन देने वाले एक ‘दगाबाज’ टीचर ने ही उनका संपर्क फरमान खान से कराया था। डायरेक्टर के मुताबिक, फरमान खुद को अभिनेता बताता है और उसने धोखे से मोनालिसा को अपने जाल में फंसाया है। मिश्रा ने यह भी कहा कि मोनालिसा फिलहाल गहरे मानसिक दबाव और डिप्रेशन में हैं।

​डेढ़ साल पुराना फेसबुक प्रेम और घर से भागकर केरल पहुंचने की कहानी

​मोनालिसा ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि उनका और फरमान का रिश्ता लगभग डेढ़ साल पुराना है। दोनों की पहली मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई। परिवार द्वारा इस रिश्ते को स्वीकार न किए जाने के डर से दोनों ने घर छोड़ने का फैसला किया और सुरक्षित रहने के लिए केरल चले गए।

एर्नाकुलम में पिता के साथ हुए विवाद के बाद मोनालिसा ने तिरुवनंतपुरम पहुँचकर पुलिस से मदद मांगी, जहा कानूनी रूप से उनके विवाह को सुरक्षा प्रदान की गई।

​प्रयागराज महाकुंभ से रातों-रात स्टार बनने का सफर

​मूल रूप से मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की रहने वाली मोनालिसा की प्रसिद्धि उस समय शुरू हुई जब महाकुंभ के दौरान माला बेचते हुए उनका एक वीडियो वायरल हुआ। उनकी सादगी ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया और उनकी तस्वीरों वाली टी-शर्ट तक बाजार में बिकने लगी थीं।

इसी लोकप्रियता के चलते उन्हें फिल्मों के ऑफर मिले और वह शूटिंग के सिलसिले में ही केरल पहुँची थीं। लेकिन अब उनकी शादी और उससे जुड़े विवादों ने उनके फिल्मी करियर और निजी जीवन दोनों को एक नई और चुनौतीपूर्ण दिशा में मोड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *