Meta Pixel

मुंबई में हड़कंप: विधान भवन, हाई कोर्ट और BSE को बम से उड़ाने की धमकी; जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

मुंबई की हाई-प्रोफाइल इमारतों को एक बार फिर निशाना बनाने की कोशिश की गई है। गुरुवार (12 मार्च) सुबह महाराष्ट्र विधान भवन, बॉम्बे हाई कोर्ट और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सूचना के बाद पूरी मुंबई में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्शन में आ गईं।

ईमेल से मिली धमकी
मुंबई पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह विधान भवन समेत शहर की तीन महत्वपूर्ण लोकेशन को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। इसमें बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे हाई कोर्ट का नाम भी शामिल था। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीमों के साथ बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गया। सभी प्रभावित जगहों पर गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से इन इमारतों के आसपास कड़ा पहरा बैठा दिया गया है।

पुलिस जांच में जुटी
मुंबई पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बताया कि सभी संबंधित स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय लागू कर दिए गए हैं। पुलिस अब उस ईमेल के सोर्स का पता लगाने में जुटी है जहां से यह धमकी भेजी गई थी। संबंधित पुलिस स्टेशनों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि, अभी तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है।

एक दिन पहले ही हुआ था आत्मदाह का प्रयास
हैरानी की बात यह है कि विधान भवन को मिली यह धमकी उस घटना के ठीक एक दिन बाद आई है, जब वहां एक शख्स ने आत्मदाह की कोशिश की थी। बुधवार को सोलापुर जिले के माढा तालुका निवासी 38 वर्षीय दादासो बबन कलसैट ने उषा मेहता चौक के पास खुद पर मिट्टी का तेल डाल लिया था। हालांकि, वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे आग लगाने से पहले ही काबू में कर लिया था।

विरोध के पीछे की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कलसैट अपने गांव में भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति हटाए जाने से नाराज था। आरोप है कि लोहार समुदाय की जमीन पर कथित रूप से अवैध रूप से स्थापित की गई इस मूर्ति को स्थानीय नगर पंचायत ने हटा दिया था। इस विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कलसैट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 226 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या बम की धमकी और आत्मदाह की कोशिश के बीच कोई संबंध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *