Meta Pixel

Bhooth Bangla Teaser out: भूत, महल और कॉमेडी… अक्षय कुमार-प्रियदर्शन की जोड़ी ने दिलाई ‘भूल भुलैया’ की याद

Spread the love

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को गुद-गुदाने आ रही है। मेकर्स ने अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ का टीज़र गुरुवार को रिलीज कर दिया है। करीब 1 मिनट 23 सेकेंड लंबे इस टीज़र में अक्षय का मजेदार अंदाज़ और डर-हंसी से भरा माहौल आपको रोमांच से भर देगा। टीज़र सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस को उनकी सुपरहिट फिल्म ‘भूल भुलैया’ की याद आने लगी है।

टीज़र में दिखी डर और कॉमेडी की झलक

टीज़र की शुरुआत मंगलपुर के वधुसुर नाम के एक रहस्यमयी किस्से से होती है, जिसके बारे में कहा जाता है कि जो भी वहां शादी करने की हिम्मत करता है, वह जिंदा नहीं बचता। इसी रहस्यमयी जगह पर अक्षय कुमार को एक पुराना महल विरासत में मिलता है, जो लगभग बकिंघम पैलेस जितना विशाल बताया गया है।

शुरुआत में अक्षय का किरदार भूत-प्रेत की बातों को मजाक में उड़ाता नजर आता है, लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, टीज़र में संकेत मिलता है कि जल्द ही उसे भी इस रहस्य का सामना करना पड़ेगा। डरावने माहौल के बीच अक्षय की कॉमिक टाइमिंग फिल्म को हल्का-फुल्का और मनोरंजक बनाती नजर आती है।

दमदार स्टार कास्ट

फिल्म में अक्षय कुमार के साथ कई जाने-माने कलाकार नजर आएंगे। इनमें परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव, मिथिला पालकर, जिशु सेनगुप्ता, राजेश शर्मा और दिवंगत अभिनेता असरानी भी शामिल हैं।

फैंस बोले- ‘भूल भुलैया’ वाला फील

टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। कई लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा कि अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग फिर से ‘भूल भुलैया’ की याद दिला रही है। कुछ फैंस ने तो इसे मजाकिया अंदाज़ में “भूल भुलैया 2 जैसा फील” भी बताया।

दरअसल, 2007 में आई ‘भूल भुलैया’ में अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी ने जबरदस्त सफलता हासिल की थी। हालांकि उसके सीक्वल में न अक्षय थे और न ही प्रियदर्शन।

अक्षय-प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी फिर साथ

‘भूत बंगला’ खास इसलिए भी है क्योंकि इसके जरिए अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की हिट जोड़ी एक बार फिर साथ आ रही है। इससे पहले दोनों ने ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भागम भाग’, ‘दे दना दन’ और ‘खट्टा मीठा’ जैसी यादगार कॉमेडी फिल्में दी हैं।

फिल्म की कहानी आकाश कौशिक ने लिखी है, जबकि स्क्रीनप्ले प्रियदर्शन, रोहन शंकर और अभिलाष नायर ने तैयार किया है। फिल्म के डायलॉग रोहन शंकर ने लिखे हैं और संगीत प्रीतम ने दिया है।

‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *