Meta Pixel

16 दिन बंद रहेगा सरस्वती नगर रेलवे फाटक: जीई रोड पहुंचने के लिए लगाना पड़ेगा 2 किमी का चक्कर

Spread the love

रायपुर। सरस्वती नगर रेलवे फाटक जल्द ही स्थाई रूप से बंद होने वाला है, लेकिन उससे पहले रेलवे द्वारा यहां ट्रैक की मरम्मत की जाएगी। इसके चलते आज 12 मार्च से 16 दिनों तक यह फाटक पूरी तरह से बंद रहेगा। बुधवार को रेलवे द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत रायपुर-सरोना रेल खंड पर स्थित सरस्वती नगर फाटक (समपार संख्या 832/12-14) की अप लाइन पर अति आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाना है।

यह काम 12 मार्च की सुबह 10 बजे से शुरू होकर 27 मार्च की रात 10 बजे तक चलेगा। इस दौरान फाटक से वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बाधित रहेगा। इस मार्ग से रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है, ऐसे में 16 दिनों तक लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कोटा क्षेत्र और उससे लगी अनेक कॉलोनियों के रहवासियों को जीई रोड पहुंचने के लिए अब करीब 2 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।

मरम्मत के बाद स्थाई रूप से बंद होगा फाटक
रेलवे प्रशासन जल्द ही इस फाटक को स्थाई रूप से बंद करने की तैयारी में है। हालांकि, इसे पूरी तरह से बंद करने से पहले सुरक्षा और सुविधा से जुड़े सभी जरूरी कार्य पूरे किए जा रहे हैं। फाटक के स्थाई रूप से बंद हो जाने के बाद जहां एक ओर लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं रेलवे को ट्रेन परिचालन में आसानी होगी और ट्रेनों की रफ्तार भी प्रभावित नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *