Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के होटलों-उद्योगों में कमर्शियल LPG सप्लाई बंद : अस्पताल-स्कूलों में जारी रहेगी, अफसर बोले- घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी रोकने टोल-फ्री नंबर जारी

Spread the love

इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालातों से बनी अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच छत्तीसगढ़ में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सीमित कर दी गई है। इसका असर मुख्य रूप से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ रहा है। हालांकि राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि आम उपभोक्ताओं के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है। प्रशासन ने कालाबाजारी और दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है।

राज्य में घरेलू एलपीजी गैस और डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता की समीक्षा के लिए मंत्रालय महानदी भवन में खाद्य, नागरिक आपूर्ति-उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में संचालित सभी 5 एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और इसकी आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। अधिकारियों को गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मीटिंग में खाद्य सचिव ने कहा कि रोजाना आपूर्ति सुचारू बनी रहे और किसी भी उपभोक्ता को गैस या ईंधन की कमी का सामना न करना पड़े। आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 भी जारी किया गया है।

एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद

बैठक में यह भी बताया गया कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थाओं को ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खाद्य सचिव ने कहा कि परीक्षाओं के समय स्कूल और छात्रावासों को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरतमंद होटलों आदि को 15% तक कमर्शियल सप्लाई दी जा सकती है।

जिलों में एलपीजी गैस के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए भी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।

बैठक में डीजल, पेट्रोल और सीएनजी गैस की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के सभी डिपो में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और दैनिक आपूर्ति पर निगरानी जारी रहेगी।

शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर जारी

रीना कंगाले ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि एलपीजी गैस और डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। लोग गैस एजेंसी के जरिए सिलेंडर समय पर ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी को आपूर्ति में परेशानी या शिकायत हो, तो टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर कॉल कर सकते हैं।

बिलासपुर में एलपीजी गैस पर्याप्त, कलेक्टर ने कहा- पैनिक में मत आएं

वहीं, बिलासपुर में भी घरेलू एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग और गैस वितरकों की बैठक लेकर हालात की समीक्षा की। कलेक्टर ने साफ कहा कि जिले में गैस पर्याप्त है, इसलिए लोगों को घबराने या पैनिक में गैस जमा करने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर मिल रहे हैं, जबकि होटल और उद्योगों के लिए व्यवसायिक गैस फिलहाल रोकी गई है। अस्पतालों और स्कूलों को उनकी जरूरत के मुताबिक गैस दी जा रही है।

कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि घरेलू सिलेंडर का व्यवसायिक या गैरकानूनी इस्तेमाल न होने दें। एजेंसी संचालक खुद सप्लाई और वितरण पर निगरानी रखें और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को सिलेंडर न दें।

बैठक में बताया गया कि जिले में लगभग 4.80 लाख घरेलू कनेक्शन हैं और तीन ऑयल कंपनियों के 38 गैस वितरक इन्हें सिलेंडर दे रहे हैं, जिनमें से 22 वितरक सिर्फ बिलासपुर शहर में काम कर रहे हैं।

वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 5 हजार सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं और पिछले 10 दिनों से यह संख्या स्थिर है। सिलेंडर बुकिंग की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है।

कलेक्टर ने शहर में लागू नो-एंट्री प्रतिबंध को लेकर राहत देने की बात कही और लोगों से अपील की कि किसी अफवाह पर ध्यान न दें और पैनिक में गैस न जमा करें। जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

रायपुर में एलपीजी गैस की आपूर्ति पर कलेक्टर की समीक्षा

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार देर शाम जिले के ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों और एलपीजी डीलर्स की बैठक लेकर गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से हो और आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। बुकिंग के बाद समय पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीलर्स को पारदर्शिता के साथ वितरण व्यवस्था बनाए रखने और उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार गैस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

कॉल सेंटर पर कर सकते हैं शिकायत

इस बैठक में कीर्तिमान सिंह राठौर ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। आम उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उपभोक्ता जिला कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर कलेक्टर कॉल सेंटर के नम्बर 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर सम्पर्क करें।

लोगों से पैनिक न होने की अपील

बैठक में रायपुर के खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा सहित गैस एजेंसियों के संचालक और ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी उपभोक्ताओं से पैनिक न होने और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष और ऑल एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के जिला अध्यक्ष विकास मरकाम ने कहा कि होली के कारण वितरण में थोड़ी देरी हुई थी। अब सुधार हो गया है। जिले में अभी और भविष्य में एलपीजी गैस को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या आम उपभोक्ताओं को नहीं होगी।

उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि पैनिक न हो और सहयोग करें, गैस एजेंसियां भी उनका सहयोग करेंगी। भारत गैस वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुरारी गौड़ ने बताया कि कॉमर्शियल कनेक्शन में हॉस्पिटल और शैक्षणिक संस्थाओं को ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।

दुर्ग जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

दुर्ग जिले में घरेलू एलपीजी गैस और डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों और गैस वितरकों की बैठक ली।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसकी आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। कलेक्टर ने गैस वितरण व्यवस्था पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि उज्ज्वला योजना सहित जिले में लगभग 4 लाख गैस कनेक्शन हैं और प्रतिदिन करीब 9750 गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है। वर्तमान में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे आवश्यक संस्थानों को ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जिले में डीजल और पेट्रोल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनका ई-केवाईसी नहीं हुआ है वे जल्द से जल्द संबंधित गैस एजेंसी में जाकर प्रक्रिया पूरी करा लें। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि जिले में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है। किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800-233-3555 पर संपर्क कर सकते हैं।

रायगढ़ में होटलों और भोजनालयों में औचक निरीक्षण

रायगढ़ जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन की ओरे से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर एसडीएम महेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग होटलों और भोजनालयों में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय और गणगौर स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अधिकारियों ने घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति का परीक्षण किया और प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाए। व्यवसायिक उपयोग पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

प्रशासन ने कहा कि जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता सामान्य है और नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। साथ ही गैस एजेंसियों द्वारा आपूर्ति व्यवस्था और सिलेंडरों की दैनिक उपलब्धता पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सरगुजा में कमर्शियल गैस की आपूर्ति बंद

सरगुजा में कमर्शियल गैस की आपूर्ति शनिवार के बाद से नहीं हो पाई है। इसके कारण होटल संचालकों के साथ ही औद्योगिक संस्थाओं को परेशानी का सामना करना पड़़ रहा है। होटल संचालकों ने बताया कि कमर्शियल सिंलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पाने से गैस समाप्त हो गया है।

अंबिकापुर के होटलों में गैस की जगह लकड़ी के भट्टों का उपयोग खाना और मिठाई सहित अन्य सामान बनाने के लिए किया जा रहा है। कोई भी कंपनी कमर्शियल गैस नहीं दे पा रही है।

होटल अनन्या के संचालक कैलाश मिश्रा ने बताया कि अंबिकापुर में घरेलू गैस की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। वर्तमान में गैस उपभोक्ताओं को बुकिंग के लिए डिलेवरी से 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग की व्यवस्था की गई है। मांग के अनुरूप गैस सिलेंडरों की सप्लाई नहीं होने से बुकिंग के 9 से 10 दिनों बाद गैस मिल पा रही है।

होटल एसोसिएशन ने जारी की एडवाइजरी

  • सभी होटलों, रेस्टोरेंट्स, कैटरर्स, क्लाउड किचन और खाद्य बिजनेस के लोग एसोसिएशन के निर्देशों के अनुसार एकजुट और तैयार रहें।
  • किसी भी बड़े आपूर्ति व्यवधान की जानकारी तुरंत एसोसिएशन को दें।
  • पैनिक खरीदारी या जमाखोरी से बचें, इससे उद्योग की स्थिति खराब हो सकती है।
  • जरूरी रसोई संचालन और मुख्य मेन्यू/पहले से तय कार्यक्रमों को प्राथमिकता दें।
  • जहाँ संभव हो, इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरण (इंडक्शन, हॉट प्लेट, राइस कुकर, केतली) का इस्तेमाल करें।
  • वैकल्पिक ईंधन (PNG, बल्क LPG, हाइब्रिड किचन उपकरण) की संभावना तलाशें।
  • कानूनी और सुरक्षित रूप से, दूसरे सदस्यों का सहयोग करें जो आपूर्ति समस्या का सामना कर रहे हैं।
  • एसोसिएशन LPG आपूर्तिकर्ताओं और अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *