राजधानी के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित कैफे में बर्थडे पार्टी के दौरान मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है, जब कुछ युवक कथित तौर पर नशे की हालत में युवतियों पर अश्लील टिप्पणियां करने लगे। विरोध करने पर मामला इतना बढ़ गया कि कैफे के अंदर कुर्सियों से हमला कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मामला रेलवे स्टेशन परिसर के कैफे लाइट का है, जहां एक परिवार बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद खाना खाने पहुंचा था। जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे परिवार के सदस्य केक काटने के बाद कैफे में पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद तीन युवक कथित तौर पर नशे में थे और युवतियों की ओर देखकर फ्लाइंग किस करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां करने लगे।
परिवार के लोगों ने शुरुआत में विवाद से बचने के लिए युवकों को नजरअंदाज किया, लेकिन कुछ देर बाद तीनों युवक उनके टेबल के पास आकर बैठ गए और कथित तौर पर अश्लील बातें करने लगे। आरोप है कि युवकों ने युवतियों को लेकर अभद्र टिप्पणियां कीं और यहां तक कहा कि उन्हें उठाकर ले जाएंगे।
इस दौरान युवतियों के भाइयों ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते कैफे के अंदर हंगामा मच गया और आरोपियों ने वहां रखी कुर्सियां उठाकर परिवार के लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस घटना से कैफे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद युवतियां और उनके परिजन शिकायत दर्ज कराने के लिए जीआरपी थाने पहुंचे। हालांकि तब तक आरोपी युवक मौके से फरार हो चुके थे। जीआरपी के जवानों ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा के साथ उनकी कार तक पहुंचाया।
शनिवार शाम को जब इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला और गंभीर हो गया। इसके बाद रविवार को दोनों पक्ष पुलिस स्टेशन पहुंचे और अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराई।
जीआरपी थाना प्रभारी Bhupesh Rathore के मुताबिक युवतियों की ओर से तीन युवकों के खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और मारपीट की शिकायत दर्ज की गई है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट के आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
फिलहाल पुलिस कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो की जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



