सेल– भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग द्वारा आयोजित भिलाई इस्पात संयंत्र अंतर-विभागीय एथलेटिक्स मीट–2026 (पुरुष एवं महिला वर्ग) का आयोजन 14 मार्च, 2026 को सेल एथलेटिक्स अकादमी, सेक्टर–4 में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि भिलाई इस्पात संयंत्र एथलेटिक्स क्लब के अध्यक्ष श्री अजय कुमार रहे, वहीँ समापन समारोह के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे. एन. ठाकुर रहे। इस अवसर पर संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उप महाप्रबंधक (क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग) श्री राजेंद्र प्रसाद ने प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस एथलेटिक्स मीट में संयंत्र के विभिन्न विभागों से लगभग 95 कर्मचारियों ने भाग लिया, जिसमें पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के प्रतिभागी शामिल थे। प्रतियोगिता के अंतर्गत कुल 12 स्पर्धा आयोजित की गई, जिसमें पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिता अलग-अलग आयोजित की गईं।
पुरुष वर्ग की दौड़ प्रतियोगिताओं में 100 मीटर में कोक ओवन विभाग के श्री प्रवीण चापले ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर में मेडिकल विभाग के श्री ज्ञान सिंह प्रथम रहे, जबकि 400 मीटर दौड़ में राजहरा माइंस के श्री प्रशांत मीना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ में एसपी–2 के श्री बी. आर. नेलाम विजेता रहे। लंबी कूद प्रतियोगिता में मेडिकल विभाग के श्री ज्ञान सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग की भाला फेंक स्पर्धा में यूनिवर्सल रेल मिल के श्री वेंकटरमना प्रथम रहे, वहीँ गोला फेंक प्रतियोगिता में राजहरा माइंस के श्री कृष्ण मूर्ति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग की स्पर्धाओं में 100 मीटर तथा 200 मीटर दौड़ में ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग की सुश्री लेरीना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में एसएमएस–3 की सुश्री सरस्वती विजेता रहीं। महिला वर्ग की भाला फेंक प्रतियोगिता में ईआरएस की सुश्री दुर्गेश प्रधान प्रथम रहीं, जबकि गोला फेंक प्रतियोगिता में एचआर–वर्क्स की सुश्री रमा उपाध्याय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन की सराहना की गई। इस अवसर पर संयंत्र प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों में इसी प्रकार सक्रिय सहभागिता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।