सेल– भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग (सीओ सीसीडी) द्वारा आयोजित सुरक्षा जागरूकता सप्ताह एवं सुरक्षा प्रदर्शनी–2026 का समापन 16 मार्च 2026 को विभागीय परिसर में आयोजित समापन समारोह के साथ हुआ। 10 से 16 मार्च 2026 तक आयोजित इस सप्ताह भर के कार्यक्रम का उद्देश्य विभाग में सुरक्षा के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना तथा सुरक्षित कार्य पद्धतियों को प्रोत्साहित करना था।
समापन समारोह की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक (सीओ सीसीडी) श्री तुलाराम बेहरा तथा मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं विभाग) श्री देबदत्त सतपथी ने की। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (कोल, कोक एवं एच एंड आर) श्री झगर सिंह, महाप्रबंधक श्री समंता रे, महाप्रबंधक श्री के. नंदकुमार, महाप्रबंधक (सीओ सीसीडी) श्री एस. बी. पाटिल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, ऑफिसर्स एसोसिएशन एवं यूनियन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा कर्मी उपस्थित रहे।
मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं विभाग) श्री देबदत्त सतपथी तथा मुख्य महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसीडी) श्री तुलाराम बेहरा ने अपने संबोधन में कार्यस्थल पर सक्रिय सुरक्षा उपायों को अपनाने, गुणवत्तापूर्ण ‘नियर मिस’ रिपोर्टिंग की संस्कृति को मजबूत करने तथा 360 डिग्री सुरक्षा दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विभाग में सुरक्षा प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए अग्रणी सुरक्षा संकेतकों पर ध्यान केंद्रित करने का भी आह्वान किया तथा सभी कर्मचारियों से सतर्क रहते हुए सुरक्षित एवं दुर्घटना-मुक्त कार्यस्थल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंतर्गत कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से अनेक प्रतियोगिताएँ एवं गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें चित्रकला एवं पेंटिंग, रंगोली, टूल बॉक्स टॉक (टीबीटी), सुरक्षा नाटिका, फुल बॉडी हार्नेस पहनने की प्रतियोगिता, अग्निशमन प्रदर्शन, सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, स्पॉट द हैज़र्ड, सुरक्षा गीत, सुरक्षा कविता, सुरक्षा स्लोगन तथा सुरक्षा वाद-विवाद प्रतियोगिता शामिल थीं। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायकों, प्रशिक्षकों तथा विजेताओं को उनकी भागीदारी और योगदान के लिए अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सुरक्षा प्रदर्शनी रही, जिसमें विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से महत्वपूर्ण सुरक्षा विषयों पर जानकारीपूर्ण प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए। इन स्टॉलों में सामग्री प्रबंधन (मैटेरियल हैंडलिंग), वर्किंग एट हाइट, कॉन्फाइंड स्पेस सेफ्टी, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई), विद्युत सुरक्षा तथा गैस सिलेंडरों के सुरक्षित भंडारण एवं हैंडलिंग जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। इन स्टॉलों के प्रतिनिधियों को उनके समर्पित प्रयासों के लिए समापन समारोह में सम्मानित भी किया गया। इस प्रदर्शनी को सीओ सीसीडी सहित संयंत्र के अन्य विभागों के 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देखा तथा विज़िटर्स रजिस्टर में अपनी सकारात्मक टिप्पणियाँ दर्ज कीं।
प्रदर्शनी के सफल आयोजन में श्री एस. मेश्राम, श्री बिपिन बंचोरे, श्री एस. नंदी तथा श्री मनोज ताम्रकार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समन्वयन सीओ सीसीडी विभाग के महाप्रबंधक श्री बी. सी. मंडल तथा सहायक प्रबंधक श्री आशुतोष प्रधान द्वारा किया गया व संचालन उप महाप्रबंधक श्री दुश्यंत, सहायक महाप्रबंधक श्री प्रदीप मेनन तथा श्री संतोष पराशर ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री आनंद खरात, श्री विकास कुमार गजबिया, श्री लोकेश तथा श्री प्रवीण शर्मा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।