राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग में वृद्धि तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र का राजभाषा विभाग सतत प्रयासरत है। इसी क्रम में दिनांक 17 मार्च 2026 को भारत संचार निगम लिमिटेड, कार्यालय, मुख्य महाप्रबंधक (दूरसंचार), छत्तीसगढ़ परिमंडल, खम्हारडीह, रायपुर में भिलाई इस्पात संयंत्र, राजभाषा विभाग के सहयोग से राजभाषा कार्यशाला का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (दूरसंचार) छत्तीसगढ़ परिमंडल, श्री विजय कुमार छबलानी के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
कार्यशाला में अतिथि वक्ता के रूप में उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा), भिलाई इस्पात संयंत्र श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि, श्री विजय कुमार छबलानी ने अपने उद्बोधन में कार्यशाला के आयोजन के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने दूरसंचार छत्तीसगढ़ परिमंडल की उपलब्धि एवं राजभाषा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के विषय में विस्तृत जानकारी दी तथा राजभाषा में समस्त कार्यालयीन कार्य करने की विभागीय प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि दूरसंचार छत्तीसगढ़ परिमंडल में अधिकाधिक कार्यालयीन कार्य एवं पत्राचार आदि हिंदी में किए जाते हैं।
अतिथि वक्ता, श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने राजभाषा अधिनियम तथा राजभाषा के सांविधिक प्रावधानों की जानकारी दी, साथ ही राजभाषा कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। सर्वप्रथम उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से ‘गूगल ऑनलाइन वॉइस टाइपिंग’ की जानकारी दी, तत्पश्चात मोबाइल पर बोलकर कंप्यूटर पर शुद्धता के साथ हिंदी में टाइपिंग करने का सजीव प्रदर्शन किया, जिसे सभी प्रतिभागियों ने सराहा व दैनंदिन कार्यालयीन कामकाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने हिंदी मुहावरों पर आधारित एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जिसके विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
प्रधान महाप्रबंधक श्री कुल रंजन कुजूर ने कार्यशाला के आयोजन को सराहनीय बताते हुए आसान और सरल तरीक़े से वाइस टाइपिंग सिखाने के तरीके की भूरि-भूरि प्रशंसा की व कार्यशाला के आयोजन की आवृत्ति बढ़ाने की बात कही। प्रधान महाप्रबंधक श्री संदीप केशकर ने कार्यशाला को अत्यंत रोचक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि सूचना क्रांति के दौर में प्रौद्योगिकी का उपयोग अन्य क्षेत्रों सहित हिंदी के लिए किया जाना समय की मांग है।
कार्यक्रम का संचालन उप मण्डल अभियंता (राजभाषा), भारत संचार निगम लिमिटेड, मण्डल कार्यालय, दुर्ग श्रीमती अनुराधा धनांक ने किया। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए संयुक्त महाप्रबंधक (प्रशासन) श्री लोचन सिंह नायक ने कार्यशाला के आयोजन के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र को श्रेय दिया व राष्ट्र निर्माण में संयंत्र के योगदान सहित राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रति आभार प्रेषित किया।