दुर्ग, 20 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में जनहित के कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। विधानसभा अहिवारा विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा द्वारा अनुशंसित इन कार्यों के लिए कुल 7 लाख 61 हजार रूपए की राशि मंजूर की गई है। जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीकृत राशि से विकास खण्ड धमधा के अंतर्गत ग्राम पंचायत पाहंदा में महत्वपूर्ण बुनियादी कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत स्कूल, ग्राम पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवन के मैदान का समतलीकरण एवं मुरमीकरण कार्य किया जाएगा। स्वीकृत कार्यों का संपादन क्रियान्वयन एजेंसी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत धमधा द्वारा किया जाएगा।