घर का खाना जितना सुकून देता है, उतना ही कभी-कभी होटल जैसा स्वाद पाने की चाह भी होती है। खासकर जब बात हो राजमा की, तो हर किसी को वही गाढ़ा, मसालेदार और खुशबूदार पंजाबी स्टाइल पसंद आता है। लेकिन अब इसके लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं है आप घर पर ही होटल जैसा राजमा बना सकते हैं।
राजमा चावल का कॉम्बिनेशन भारत के सबसे पसंदीदा खाने में से एक है। सही मसालों और पकाने के तरीके से आप इस डिश को इतना स्वादिष्ट बना सकते हैं कि घर वाले उंगलियां चाटते रह जाएं। आइए जानते हैं इसकी आसान और परफेक्ट रेसिपी।
राजमा बनाने के लिए सामग्री
- राजमा – 1 कप (रातभर भिगोया हुआ)
- प्याज – 2 (बारीक कटा)
- टमाटर – 3 (प्यूरी बना लें)
- अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 टेबलस्पून
- हरी मिर्च – 2
- तेल या घी – 2 टेबलस्पून
- जीरा – 1 चम्मच
- हल्दी पाउडर – 1/2 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 चम्मच
- गरम मसाला – 1/2 चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- हरा धनिया – सजाने के लिए
राजमा बनाने का तरीका
होटल जैसा राजमा किसे पसंद नहीं आएगा। इसे घर पर बनाने के लिए सबसे पहले भिगोए हुए राजमा को कुकर में डालें और उसमें पानी व थोड़ा नमक मिलाकर 4-5 सीटी तक अच्छे से उबाल लें। ध्यान रखें कि राजमा पूरी तरह नरम हो जाए, तभी इसका स्वाद सही आएगा।
कढ़ाई में तेल या घी गर्म करें और उसमें जीरा डालकर तड़कने दें। इसके बाद बारीक कटा प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह पकाएं, ताकि कच्चापन खत्म हो जाए।
अब टमाटर की प्यूरी डालें और मसाले-हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर मिलाकर तब तक पकाएं जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे। यही स्टेप राजमा को होटल जैसा स्वाद देता है।
अब उबले हुए राजमा को मसाले में डालें और जरूरत अनुसार पानी मिलाकर धीमी आंच पर 15–20 मिनट तक पकाएं। इससे ग्रेवी गाढ़ी और स्वादिष्ट बनती है। आखिर में गरम मसाला और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें। गरमा-गरम राजमा को चावल या रोटी के साथ सर्व करें।