ब्राजील के स्टार फुटबॉलर Neymar Jr. के 2026 फीफा वर्ल्ड कप खेलने की उम्मीदें अब लगभग खत्म होती नजर आ रही हैं। कभी खुद नेमार ने संकेत दिया था कि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उनका यह सपना अधूरा रह सकता है। ब्राजील फुटबॉल फेडरेशन और उनके बीच बढ़ते तनाव ने उनकी वापसी की राह को बेहद कठिन बना दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Brazilian Football Confederation के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि नेमार का टीम में चयन अब बेहद जटिल हो गया है और मौजूदा परिस्थितियों में उनकी वापसी लगभग नामुमकिन जैसी लग रही है। हाल ही में घोषित वार्म-अप मैचों की टीम में भी नेमार को जगह नहीं दी गई, जिससे साफ संकेत मिल गया कि चयनकर्ताओं का भरोसा डगमगा चुका है।
इन मैचों के लिए टीम की घोषणा Carlo Ancelotti ने की थी, जिसमें फ्रांस और क्रोएशिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले शामिल थे। टीम से बाहर होने के बाद नेमार ने सार्वजनिक तौर पर अपनी निराशा जाहिर की और कहा कि वे इस फैसले से काफी दुखी हैं। उन्होंने एक वीडियो के जरिए अपनी फिटनेस पर काम करने और टीम में वापसी की इच्छा भी जताई, लेकिन फेडरेशन के भीतर इस प्रतिक्रिया को सकारात्मक नहीं माना गया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब एक अहम मौके पर नेमार का रवैया सवालों के घेरे में आ गया। कोच अनसेलोटी खुद उनका प्रदर्शन देखने के लिए सांतोस FC का मैच देखने पहुंचे थे, लेकिन नेमार ने ‘वर्कलोड मैनेजमेंट’ का हवाला देकर मैच नहीं खेला। इतना ही नहीं, उन्होंने कोच से मुलाकात या बातचीत करने की भी कोशिश नहीं की। इस घटना को फेडरेशन ने अनुशासनहीनता और कमिटमेंट की कमी के रूप में देखा, जिससे उनकी स्थिति और कमजोर हो गई।
फिटनेस भी नेमार के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। Santos FC के लिए खेलते हुए भी वे लगातार चोटों से जूझते रहे हैं और नियमित रूप से मैदान पर नजर नहीं आए हैं। 2023 में लगी गंभीर घुटने की चोट के बाद से उनकी मैच फिटनेस पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए जिस फिटनेस और निरंतरता की जरूरत होती है, फिलहाल नेमार उससे काफी दूर दिखाई दे रहे हैं।
कोच अनसेलोटी ने भी साफ शब्दों में कहा है कि टीम में जगह पाने के लिए नेमार का 100 प्रतिशत फिट होना जरूरी है। फिलहाल वे उस स्तर तक नहीं पहुंचे हैं, इसलिए उन्हें टीम से बाहर रखा गया है। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर नेमार को वापसी करनी है, तो उन्हें अपने प्रदर्शन और फिटनेस से खुद को साबित करना होगा।
हालांकि अब भी उनके पास कुछ मौके बाकी हैं, जहां वे अपने खेल से चयनकर्ताओं का भरोसा जीत सकते हैं, लेकिन फेडरेशन के भीतर चल रही चर्चाओं को देखें तो उनकी वापसी किसी चमत्कार से कम नहीं होगी। अब टीम मैनेजमेंट का फोकस युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा दिखाई दे रहा है, और नेमार के हालिया व्यवहार ने उनकी राह और मुश्किल बना दी है।
34 साल की उम्र में नेमार ब्राजील के सबसे सफल गोल स्कोरर जरूर हैं, लेकिन लगातार चोटों और विवादों ने उनके करियर के इस अहम पड़ाव पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना यह होगा कि क्या वे एक आखिरी कोशिश में सब कुछ बदल पाते हैं या उनका वर्ल्ड कप सपना यहीं खत्म हो जाता है।