Meta Pixel

संयंत्र में ऑनलाइन व्हीकल एरिया पास प्रणाली का शुभारंभ, डिजिटल पहल से सुदृढ़ होगी सड़क सुरक्षा

Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र ने डिजिटल परिवर्तन की दिशा में दिनांक 23 मार्च, 2026 को ऑनलाइन व्हीकल एरिया पास प्रणाली का शुभारंभ किया। इस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग (एसईडी) एवं कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (सी एंड आईटी) द्वारा मानव संसाधन विकास केंद्र में एक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम का संयुक्त रूप से आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 140 ठेका पर्यवेक्षकों एवं उनके प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।

उल्लेखनीय है की पहले व्हीकल एरिया पास प्रणाली पारंपरिक कागज आधारित प्रक्रिया थी, जिसे सीआईएसएफ द्वारा किया जाता था। जो अब नई ऑनलाइन उसका स्थान लेकर रीयल-टाइम डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शिता, सुरक्षा अनुपालन एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा देगी, साथ ही सीआईएसएफ कर्मियों एवं ठेका एजेंसियों के प्रशासनिक भार को भी कम करेगी।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी, मुख्य महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्री समीर गुप्ता, महाप्रबंधक प्रभारी (सी एंड आईटी) सुश्री नीना जायसवाल, निरीक्षक (सीआईएसएफ) सुश्री मनोरमा तथा महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) सुश्री सरबानी दास उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समन्वयन महाप्रबंधक (एसईडी) श्री जे. तुलसीदासन द्वारा किया गया एवं उप महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) सुश्री रंजीता सोनपिप्रे द्वारा प्रणाली का विस्तृत तकनीकी प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें इसके संचालन तंत्र एवं उपयोगकर्ता इंटरफेस की जानकारी साझा की गई।

मुख्य महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्री समीर गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि इंटरनेट आधारित तकनीकों को अपनाने से जटिल प्रशासनिक प्रक्रियाएँ सरल होंगी तथा सभी हितधारकों की कार्यकुशलता में वृद्धि होगी। वहीं मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी ने बताया कि पूर्व की मैनुअल प्रणाली में मानवीय त्रुटियों, कागजी कार्यवाही की जटिलताओं तथा वाहनों की सीमित ट्रैकिंग जैसी समस्याएँ थीं, जिन्हें यह नई डिजिटल प्रणाली दूर करेगी और संयंत्र परिसर में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर निरीक्षक (सीआईएसएफ) सुश्री मनोरमा ने इस पहल की सराहना करते हुए परिवर्तन के इस चरण में सीआईएसएफ की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। महाप्रबंधक प्रभारी (सी एंड आईटी) सुश्री नीना जायसवाल ने प्रारंभिक चुनौतियों की संभावना को स्वीकार करते हुए त्वरित समाधान एवं सतत सहयोग का भरोसा दिलाया।

समापन संबोधन में महाप्रबंधक (एसईडी) श्री जे. तुलसीदासन ने कहा कि भारत में सड़क दुर्घटनाएँ मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक हैं तथा यह नई प्रणाली संयंत्र में गति नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा प्रोटोकॉल को सुदृढ़ करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *