Meta Pixel

सरकारी शराब दुकान में कर्मचारियों की दादागिरी : ओवररेटिंग का विरोध करने पर ग्राहक से मारपीट कर फोड़ा सर

Spread the love

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के हथबंद थाना क्षेत्र में संचालित शासकीय शराब दुकानों में ओवररेटिंग और ग्राहकों के साथ मारपीट के मामले सामने आए हैं। ताजा मामला हथबंद स्थित कंपोजिट शराब दुकान का है, जहां निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे मांगने पर विवाद बढ़ गया और ग्राहक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्राहक शराब खरीदने हथबंद शराब दुकान पहुंचा था। यहां अंग्रेजी शराब (गोवा ब्रांड) की कीमत प्रति पाव 120 रुपए निर्धारित है, लेकिन कर्मचारियों द्वारा 10 रुपए अतिरिक्त लेकर 130 रुपए वसूले जा रहे थे। जब ग्राहक ने इस ओवररेटिंग का विरोध किया और वीडियो बनाना शुरू किया, तो दुकान के सेल्समैन और कर्मचारियों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए ग्राहक की डंडे से पिटाई कर दी। इस घटना में ग्राहक के सिर पर चोट आई और खून बहने लगा। हालांकि पीड़ित ने इस मामले की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज नहीं कराई, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

शराब की कीमतों में नहीं की गई है वृद्धि- आबकारी विभाग
वहीं, आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शराब की कीमतों में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि कीमतें नहीं बढ़ी हैं, तो फिर ग्राहकों से अतिरिक्त राशि क्यों वसूली जा रही है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि दुकान के कर्मचारी नियमों की अनदेखी कर अवैध वसूली कर रहे हैं।

कलेक्टर के आदेशों की हो रही अवहेलना 
गौरतलब है कि कलेक्टर द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी शासकीय शराब दुकान में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बिक्री नहीं की जाएगी। इसके बावजूद भी संबंधित दुकान के कर्मचारियों द्वारा आदेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और जिम्मेदारों पर कब तक शिकंजा कसता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *