सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एवं रॉड मिल (बीआरएम) विभाग में मार्च के अंतिम सप्ताह में सुरक्षा जागरूकता सप्ताह आयोजित किया गया। सुरक्षा जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम) एवं विभागाध्यक्ष श्री योगेश शास्त्री द्वारा किया गया एवं समापन समारोह के अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री डी. सतपथी एवं मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम) श्री योगेश शास्त्री की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस सुरक्षा जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम का प्रारंभ सामूहिक सुरक्षा शपथ के साथ हुआ, जिसके माध्यम से सभी कर्मियों ने सुरक्षित कार्य व्यवहार को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ठेका कर्मी श्रीमती भानबाई द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात विभागीय सुरक्षा अधिकारी श्री शशांक शर्मा ने वित्तीय वर्ष 2025–26 का सुरक्षा प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विभाग में संचालित विभिन्न सुरक्षा पहलों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मुख्य महाप्रबंधक श्री योगेश शास्त्री ने सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्पष्ट कहा कि “सुरक्षा से समझौता करके एक टन का भी उत्पादन स्वीकार्य नहीं है।” उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा को अपनी कार्यशैली एवं जीवनशैली में आत्मसात करने का आह्वान किया।
सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें संविदा श्रमिकों एवं बीएसपी कर्मचारियों हेतु भी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीँ अग्निशमन विभाग द्वारा अग्निशमन यंत्रों का सजीव प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे श्रमिक आपात स्थिति में प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता के रूप में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
इस दौरान राष्ट्रीय व्यावसायिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सलाहकार बोर्ड (एनओएचएससी) के श्री दिनेश ग्वाल द्वारा प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में टूल बॉक्स टॉक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रमिकों ने व्यावहारिक रूप से सुरक्षित कार्य प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में सुरक्षा पोस्टर, स्लोगन एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने रचनात्मक माध्यमों से सुरक्षा का संदेश प्रसारित किया।
अतिथियों ने प्रदर्शित सुरक्षा पोस्टरों, स्लोगनों एवं रंगोलियों का अवलोकन कर प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।