Meta Pixel

शादी के नाम पर ठगी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, कॉल सेंटर से चल रहा था पूरा खेल

Spread the love

राजनांदगांव में मैरिज ब्यूरो के नाम पर चल रहे एक संगठित ठगी गिरोह का खुलासा होने के बाद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। यह गिरोह देशभर में लोगों को शादी का झांसा देकर ठग रहा था और इसके लिए बाकायदा कॉल सेंटर जैसी व्यवस्था बनाई गई थी।

जानकारी के मुताबिक, गिरोह ने युवतियों को नौकरी का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल किया था। इन लड़कियों से हिंदी भाषी राज्यों के लोगों को फोन करवाया जाता था, जहां शादी का प्रस्ताव देकर उन्हें भावनात्मक रूप से फंसाया जाता था। 22 साल से लेकर 60 साल तक के लोग इस ठगी का शिकार बने।

पूरी ठगी एक प्लान के तहत की जाती थी। सबसे पहले लोगों को एक मैरिज ब्यूरो की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए कहा जाता था। इसके बाद उन्हें अलग-अलग लड़कियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं। जैसे ही कोई व्यक्ति दिलचस्पी दिखाता, उसे धीरे-धीरे पैसों के जाल में फंसाया जाता था।

गिरोह ने ठगी के लिए अलग-अलग पैकेज भी तय कर रखे थे। “गोल्डन पैकेज” के नाम पर 50 हजार रुपए और “प्लैटिनम पैकेज” के लिए 75 हजार रुपए तक वसूले जाते थे। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोफाइल वेरिफिकेशन, ई-केवाईसी और मीटिंग फिक्स कराने के नाम पर भी पैसे लिए जाते थे।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि गिरोह ने फर्जी रिश्तेदारों का भी नेटवर्क बना रखा था। लड़कियों के नाम पर बात करने के लिए नकली परिवार के सदस्य तैयार किए जाते थे, जो भरोसा जीतने के लिए बातचीत करते थे। हालांकि किसी भी मामले में असली मुलाकात कभी नहीं कराई जाती थी।

गिरोह यह भी ध्यान रखता था कि लड़कियों की लोकेशन पीड़ित के आसपास के शहरों की ही बताई जाए, ताकि सामने वाला व्यक्ति ज्यादा विश्वास करे और जल्दी फंस जाए।

इस पूरे नेटवर्क को चलाने के लिए करीब 15 लड़कियों को काम पर रखा गया था। इनका इंटरव्यू लिया जाता था और उन्हें कम वेतन के साथ कमीशन का लालच दिया जाता था। ज्यादातर आर्थिक रूप से कमजोर लड़कियों को इस काम में लगाया जाता था।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने लोगों से कितनी रकम की ठगी की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पिछले दो साल से सक्रिय था और दर्जनों लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि ऑनलाइन रिश्तों और मैरिज ब्यूरो के नाम पर कितनी बड़ी ठगी हो सकती है। ऐसे में किसी भी अनजान प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *