रायपुर। महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान में आयोजित 5वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल स्पर्धा के अंतिम दिन 5 अप्रैल को प्रातःकालीन सत्र में खेले गए पुरुष एवं महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल और रोमांचक प्रदर्शन का परिचय दिया। दिनभर चले मुकाबलों के बाद अब प्रतियोगिता अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है और आज शाम होने वाले फाइनल मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
पुरुष वर्ग में हटकेश्वरनाथ और उत्तर प्रदेश फाइनल में
पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल क्लब, रायपुर ने मॉर्निंग क्लब, रायपुर को लगातार दो सेटों में 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। मेजबान टीम ने पूरे मैच में आक्रामक, संयमित और तकनीकी रूप से श्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के सेट स्कोर 25-20 और 25-18 रहे। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की मजबूत टीम ने पंजाब को 2-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने अपने अनुभव और बेहतरीन तालमेल के बल पर 25-14 और 25-23 के सेट स्कोर से जीत दर्ज की। अब पुरुष वर्ग का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला आज सायं 6:00 बजे हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल क्लब, रायपुर और उत्तर प्रदेश के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।
महिला वर्ग में राजस्थान ने फाइनल में बनाई जगह
महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में राजस्थान की टीम ने पुणे की टीम को लगातार दो सेटों में 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। राजस्थान की महिला खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में शानदार तालमेल, मजबूत डिफेंस और प्रभावशाली आक्रमण का प्रदर्शन किया। लगातार बेहतर खेल के दम पर राजस्थान ने मुकाबले को अपने पक्ष में करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। महिला वर्ग का द्वितीय सेमीफाइनल मुकाबला रायपुर और हरियाणा के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में विजयी होने वाली टीम फाइनल में राजस्थान से भिड़ेगी।इस प्रकार महिला वर्ग में भी फाइनल को लेकर रोमांच चरम पर है, क्योंकि एक ओर पहले ही राजस्थान की टीम फाइनल में पहुंच चुकी है, वहीं दूसरी ओर रायपुर और हरियाणा के बीच कड़ा मुकाबला जारी है।
फाइनल मुकाबले में रहेंगे विशिष्ट अतिथि
आज शाम आयोजित होने वाले फाइनल मुकाबले के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू उपस्थित रहेंगे। उनके आगमन से आयोजन की गरिमा और भी बढ़ेगी। आयोजन समिति के अनुसार, फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों, दर्शकों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है। बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों, स्थानीय नागरिकों और अतिथियों की उपस्थिति की संभावना है। मैदान में इस महामुकाबले को लेकर विशेष तैयारियाँ भी की गई हैं।
खेल प्रेमियों से अपील
आयोजन समिति ने रायपुर शहर एवं आसपास के खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों के साक्षी बनें।