सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग द्वारा ग्राम पंचायत घुघसीडीह में कला मंच, बोरवेल की खुदाई एवं हैंडपंप निर्माण कार्यों के पूर्ण होने उपरांत दिनांक 07 अप्रैल 2026 को हस्तांतरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत घुघसीडीह की सरपंच श्रीमती ललिता बारले को हस्तांतरण विलेख के रूप में प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री मनोज कुमार दूबे रहे व विशिष्ठ अतिथि के तौर पर उप प्रबंधक (सीएसआर) श्री के. के. वर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर विभागीय कर्मचारी श्री बुधेलाल सहित ग्राम पंचायत के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री मनोज कुमार दूबे ने सीएसआर विभाग एवं परिधीय ग्रामों के बीच सुदृढ़ संबंधों एवं समग्र विकास में विभाग की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्राम पंचायत घुघसीडीह में भविष्य में आवश्यकतानुसार विकासात्मक कार्यों के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
वहीँ विशिष्ट अतिथि उप प्रबंधक (सीएसआर) श्री के. के. वर्मा ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सहायता कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए ग्रामीणों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम के पूर्व सरपंच श्री गोवर्धन जी द्वारा किया गया, जिन्होंने सीएसआर विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।