सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के इस्पात गलन शाला–3 (एसएमएस–3) में व्यावहारिक सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “सुरक्षा ही सर्वोपरि” सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस–3) श्री त्रिभुवन बैठा रहे।
अपने संबोधन में श्री त्रिभुवन बैठा ने कहा कि एसएमएस–3 ने सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सेल स्तर पर भी श्रेष्ठ सुरक्षा पुरस्कार प्राप्त कर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि शीर्ष स्थान प्राप्त करना जितना चुनौतीपूर्ण है, उससे कहीं अधिक कठिन उसे बनाए रखना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्य निष्पादन में उत्कृष्टता बनाए रखते हुए सुरक्षा के प्रति सतत सजग एवं प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बीआई एसपीओसी श्री डी. विजित ने सुरक्षा पुरस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी एवं सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने “फेटल पोटेंशियल ऑब्जर्वेशन” की अवधारणा को विस्तार से समझाते हुए तिमाही सेफ्टी एक्सीलेंस एंगेजमेंट राउंड के अंतर्गत सर्वाधिक प्रभावी एवं उपयोगी ऑब्जर्वेशन दर्ज करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधकगण (एसएमएस–3) श्री पी. सतपथी, श्री एस. के. मिश्रा, श्री पी. के. अग्रवाल तथा श्री डी. के. वार्ष्णेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही, संचालन, अनुरक्षण, यांत्रिक, विद्युत एवं प्रशिक्षण विभागों के कार्यपालक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कर कार्यक्रम को प्रभावी बनाया।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री जयश्री द्वारा किया गया एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री किरण कुमार एवं श्री आशुतोष सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।