Meta Pixel

कांग्रेसी नेता पर सख्त कार्रवाई : दबंगई और अवैध शराब के आरोप में पद से हटाया गया भागवत थवाईत

Spread the love

बलौदा बाजार – छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसडोल के ग्रामीण अध्यक्ष भागवत थवाईत को गंभीर आरोपों के बाद पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिनों ग्राम पंचायत कटगी में भागवत थवाईत पर दबंगई, अवैध शराब कारोबार और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगे थे। मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बाद पार्टी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया।

कांग्रेस नेता पर 10 हजार का इनाम 
इधर, आरोपी नेता अभी भी फरार बताया जा रहा है। बलौदाबाजार पुलिस ने उसे वांटेड घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है। 

ग्रामीणों के साथ की थी मारपीट 
दरअसल, मंगलवार को भागवत थवाईत ने अपने साथियों के साथ ग्रामीणों के साथ मारपीट की थी। इसके बाद बुधवार को कटगी स्थित सर्वा मोड़ के पास आरोपी ने अपने गुर्गों के साथ जमकर हुड़दंग मचाया। मामले ने तूल पकड़ लिया, जब बुधवार रात गांव में फिर से हंगामा किया गया।

आरोपी के पिता को लोगों ने किया पुलिस के हवाले
ग्रामीणों के आक्रोश के बीच आरोपी के पिता को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद ग्राम पंचायत कटगी में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

8 अप्रैल की रात पिता-पुत्र ने फैलाई थी दहशत
ग्रामीणों का आरोप है कि, 8 अप्रैल की रात ढाबा संचालक पिता-पुत्र ने अपने साथियों के साथ गांव में दहशत फैलाने के लिए तलवार लहराई और कथित रूप से कट्टे से फायरिंग की भी कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम ने जिले में अवैध शराब बिक्री और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

कार्रवाई नहीं किए जाने पर स्थिति बिगड़ती चली गई
गौरतलब है कि, हाईवे किनारे स्थित ढाबे में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। लेकिन पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं किए जाने से स्थिति बिगड़ती चली गई। वहीं, शहर थाना से महज 10 किलोमीटर दूर इस तरह की घटना सामने आने के बाद पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *