रायपुर में सट्टेबाजी का नेटवर्क अब खुलेआम होटल के कमरों तक पहुंच चुका है। वीआईपी रोड स्थित एक होटल से सामने आए वीडियो ने इस अवैध कारोबार की परतें खोल दी हैं, जिसमें कुछ लोग कमरे के अंदर बैठकर आईपीएल मैच पर दांव लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि टीवी पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस का मुकाबला चल रहा है और उसी के साथ कमरे में सट्टे का खेल जारी है।
वीडियो में एक युवक बिस्तर के पास बैठा दिखाई देता है, जहां 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी हुई हैं। पास में मोबाइल फोन और अन्य सामान भी मौजूद है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह पूरा सेटअप सुनियोजित तरीके से तैयार किया गया था। बताया जा रहा है कि यह मैच 12 अप्रैल का है और उसी दौरान यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया।
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की जांच की जा रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। होटल की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है कि क्या प्रबंधन को इस गतिविधि की जानकारी थी या नहीं।
रायपुर में सट्टेबाजी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे यह शहर धीरे-धीरे सटोरियों का ठिकाना बनता जा रहा है। हाल ही में पुलिस ने कई मामलों में कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा चलाने वाले आरोपियों को पकड़ा है। गुढियारी इलाके में हिस्ट्रीशीटर मंजीत को उसके साथियों के साथ सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया गया था।
इसके अलावा गंज, न्यू राजेंद्र नगर और कबीर नगर क्षेत्रों में भी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर लाखों रुपये नकद और सट्टेबाजी से जुड़े उपकरण बरामद किए थे। इन लगातार कार्रवाइयों के बावजूद सट्टेबाज नए-नए तरीके अपनाकर अपना नेटवर्क फैलाने में लगे हुए हैं।
यह मामला साफ संकेत देता है कि सट्टेबाजी अब सिर्फ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं रही, बल्कि शहर के अंदर गुप्त ठिकानों पर भी संचालित हो रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस नेटवर्क पर कितनी प्रभावी कार्रवाई कर पाती है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।