कॉमेडियन Samay Raina और कंटेंट क्रिएटर Ranveer Allahbadia के बीच चल रहे कथित विवाद को लेकर अब एक नया ट्विस्ट सामने आया है। हाल ही में समय रैना की इंस्टाग्राम स्टोरी ने संकेत दिया है कि दोनों के बीच सब कुछ सामान्य हो सकता है और जल्द ही कोई बड़ा कोलैबरेशन देखने को मिल सकता है।
दरअसल, समय रैना ने कुछ दिन पहले अपने यूट्यूब चैनल पर ‘स्टिल अलाइव’ नाम से एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो से जुड़े विवाद पर खुलकर बात की थी। इस दौरान उन्होंने रणवीर अल्लाहबादिया पर तंज कसते हुए उन्हें रोस्ट भी किया था। इसके बाद रणवीर की ओर से भी एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए व्यंग्य में कहा—“कौन समय?” इन घटनाओं के बाद ऐसा लगने लगा था कि दोनों के रिश्तों में खटास आ गई है।
हालांकि अब कहानी बदलती नजर आ रही है। समय रैना ने अपने इंस्टाग्राम पर “Ask Me Anything” सेशन के दौरान एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए रणवीर के लिए सिर्फ दो शब्द लिखे—“कॉलेब सून!” इस छोटे से जवाब ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है और फैंस अब दोनों को एक साथ देखने के लिए उत्साहित हो गए हैं।
गौरतलब है कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो को लेकर पहले भी बड़ा विवाद हुआ था, जिसमें आपत्तिजनक टिप्पणियों के कारण समय रैना और रणवीर दोनों को भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। मामला इतना बढ़ गया था कि एफआईआर तक दर्ज हुई और समय को अपने शो के एपिसोड हटाने पड़े, साथ ही उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगनी पड़ी थी।
अब समय की नई स्टोरी ने यह संकेत दे दिया है कि दोनों के बीच की दूरी शायद खत्म हो चुकी है और आने वाले समय में वे एक साथ किसी प्रोजेक्ट पर काम कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह कोलैबरेशन सोशल मीडिया पर बड़ा धमाका साबित हो सकता है।
फिलहाल फैंस की निगाहें इस संभावित कोलैब पर टिकी हैं, जो न सिर्फ विवाद को खत्म कर सकता है, बल्कि दोनों क्रिएटर्स के लिए एक नई शुरुआत भी बन सकता है।