सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के इस्पात गलन शाला–3 ने 12 अप्रैल, 2026 को परिचालन उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में सर्वाधिक उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एसएमएस–3 ने मात्र दो कन्वर्टरों के संचालन के साथ एक ही दिन में कुल 60 हीट्स का उत्पादन कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
इस उपलब्धि के साथ ही कन्वर्टर ‘बी’ ने भी व्यक्तिगत स्तर पर नया रिकॉर्ड स्थापित करते हुए एक दिन में 31 हीट्स पूर्ण किए, जो पूर्व में 1 अगस्त 2022 को स्थापित 30 हीट्स के रिकॉर्ड से अधिक है। यह उपलब्धि विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस अवधि के दौरान कन्वर्टर क्रमांक–3 एवं सीके–1 कास्टर कैपिटल रिपेयर में थे।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने एसएमएस–3 की टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके समर्पण एवं समन्वित प्रयासों की सराहना की।
मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस–3) श्री त्रिभुवन बैठा ने भी टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि विभाग द्वारा लगातार 54 से अधिक हीट्स का उत्पादन संयंत्र की निर्धारित क्षमता के अनुरूप किया जा रहा है, जो हॉट मेटल के इस्पात में कुशल रूपांतरण को दर्शाता है। उन्होंने यह भी सराहा कि टीम ने सीके–1 कास्टर के कैपिटल रिपेयर कार्य को निर्धारित समय से एक दिन पूर्व पूर्ण कर उत्पादन एवं अनुरक्षण—दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट संतुलन स्थापित किया है।