अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना भारतीय परंपरा का अहम हिस्सा रहा है, लेकिन अब यह परंपरा तेजी से डिजिटल दुनिया में शिफ्ट हो रही है। इस बार त्योहार से पहले डिजिटल गोल्ड की खरीद में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि अब लोग ज्वेलरी शॉप्स की बजाय मोबाइल ऐप्स के जरिए कुछ क्लिक में 24 कैरेट सोना खरीद रहे हैं।
डिजिटल गोल्ड का सबसे बड़ा फायदा इसकी सुविधा है। इसमें न तो स्टोरेज की चिंता होती है और न ही चोरी का डर। कंपनियां निवेशकों की ओर से असली सोना खरीदकर सुरक्षित वॉल्ट में रखती हैं और बदले में डिजिटल ओनरशिप देती हैं। यानी आपके पास सोना है, लेकिन उसे संभालने की झंझट नहीं।
अक्षय तृतीया के मौके पर फिनटेक प्लेटफॉर्म भी पीछे नहीं हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए कैशबैक, रिवॉर्ड्स और गोल्डबैक जैसे ऑफर्स दिए जा रहे हैं। कुछ प्लेटफॉर्म्स प्राइम यूजर्स को ज्यादा कैशबैक दे रहे हैं, तो कुछ लकी ड्रॉ और जैकपॉट जैसे आकर्षण जोड़ रहे हैं। यही वजह है कि युवाओं और छोटे निवेशकों के बीच डिजिटल गोल्ड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
हालांकि, इस चमक के पीछे कुछ जरूरी सावधानियां भी हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आप जिस ऐप से गोल्ड खरीद रहे हैं, वह खुद सोना नहीं रखता, बल्कि थर्ड पार्टी के जरिए इसे स्टोर करता है। इसलिए यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि आपका निवेश 1:1 फिजिकल गोल्ड से बैक्ड हो, नियमित ऑडिट होता हो और सुरक्षित वॉल्ट में रखा जाता हो।
इसके अलावा कीमतों को समझना भी उतना ही जरूरी है। डिजिटल गोल्ड खरीदते समय जीएसटी, स्प्रेड और प्रोसेसिंग चार्ज शामिल होते हैं। भले ही मेकिंग चार्ज नहीं लगता, लेकिन अगर आप इसे फिजिकल गोल्ड में बदलते हैं तो अतिरिक्त खर्च देना पड़ सकता है।
एक और अहम बात यह है कि डिजिटल गोल्ड को शॉर्ट टर्म के बजाय लॉन्ग टर्म निवेश के रूप में देखें। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि छोटे-छोटे हिस्सों में नियमित निवेश करने से लागत औसत होती है और बेहतर रिटर्न की संभावना बढ़ती है। साथ ही, यह आपके पोर्टफोलियो को संतुलित करने में भी मदद करता है, खासकर तब जब बाजार में अनिश्चितता हो।
हालांकि, अभी डिजिटल गोल्ड के लिए कोई सख्त रेगुलेटरी फ्रेमवर्क नहीं है, लेकिन इंडस्ट्री में सेल्फ-रेगुलेशन की दिशा में काम चल रहा है। इसलिए निवेश करने से पहले यह जरूर जांच लें कि जरूरत पड़ने पर आप आसानी से अपना गोल्ड बेच सकते हैं या उसे फिजिकल फॉर्म में बदल सकते हैं।
कुल मिलाकर, डिजिटल गोल्ड निवेश का एक आसान, आधुनिक और आकर्षक विकल्प बन चुका है। लेकिन सही जानकारी और सावधानी के साथ ही यह आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।