Meta Pixel

IPL में धोनी की वापसी के संकेत: चोट से उबरकर अगले हफ्ते मैदान पर दिख सकते हैं ‘कैप्टन कूल’

Spread the love

महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान धोनी अगले हफ्ते IPL में वापसी कर सकते हैं। टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक उनकी पिंडली की चोट में तेजी से सुधार हो रहा है और वे जल्द ही मैदान पर नजर आ सकते हैं।

दरअसल, टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले प्रैक्टिस के दौरान धोनी को काफ इंजरी हो गई थी, जिसके चलते वे शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहे। अब उनकी फिटनेस में सुधार के बाद उनकी वापसी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि वे 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेल सकते हैं। अगर उस मैच में वापसी नहीं होती, तो 26 अप्रैल को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ एम ए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में उतरने की संभावना है।

हालांकि, आगामी मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ धोनी को नहीं खिलाया जाएगा। टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता और उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए पर्याप्त समय दिया जा रहा है।

मैच से दूर रहने के बावजूद धोनी नेट्स में लगातार अभ्यास कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने लंबी बल्लेबाजी करते हुए अपनी मशहूर ‘रेंज हिटिंग’ पर खास ध्यान दिया। नेट्स में उनके बड़े-बड़े छक्के यह संकेत दे रहे हैं कि वे अपनी पुरानी लय में लौट रहे हैं।

वापसी के बाद टीम में उनकी भूमिका भी दिलचस्प हो सकती है। फिलहाल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन निभा रहे हैं, ऐसे में धोनी को ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे उन पर फिजिकल दबाव कम रहेगा और टीम उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का पूरा फायदा उठा सकेगी।

अभी तक चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन औसत रहा है, जहां टीम ने 5 में से सिर्फ 2 मुकाबले जीते हैं और अंक तालिका में नीचे के पायदान पर है। ऐसे में धोनी की वापसी टीम के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है, जो न सिर्फ बल्लेबाजी को मजबूती देगी बल्कि उनकी रणनीतिक समझ से टीम को प्लेऑफ की रेस में भी फायदा मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *