छत्तीसगढ़ में लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। शनिवार को राजनांदगांव जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में छत्तीसगढ़ में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है।
बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के इलाकों में अगले 2 दिनों तक हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बेहद जरूरी काम न हो तो दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें। अगर बाहर जाना अनिवार्य हो, तो स्कार्फ का उपयोग करें।
रायपुर में सामान्य से कहीं ज्यादा गर्मी
राजधानी रायपुर में इस समय तापमान औसत से काफी ऊपर चल रहा है। अप्रैल महीने का सामान्य अधिकतम तापमान जहां करीब 39.5 डिग्री सेल्सियस होता है, वहीं अभी पारा 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है।
यानी शहर में सामान्य से 4 से 5 डिग्री ज्यादा गर्मी पड़ रही है। यही वजह है कि दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं और लोगों को लगातार असहजता महसूस हो रही है।
रिकॉर्ड के करीब पहुंच रहा तापमान
रायपुर के पुराने आंकड़े बताते हैं कि अप्रैल में तापमान खतरनाक स्तर तक जा सकता है। शहर का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 30 अप्रैल 1942 को 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 1980 के बाद 28 अप्रैल 1999 को 45.4 डिग्री दर्ज हुआ था।
हाल के वर्षों में भी तापमान बार-बार 44 डिग्री के पार पहुंच रहा है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि इस बार भी पारा 45 डिग्री के करीब जा सकता है।
अप्रैल का आखिरी हफ्ता क्यों सबसे खतरनाक होता है
मौसम के लंबे रिकॉर्ड यह बताते हैं कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह में गर्मी अपने चरम पर होती है। 25 से 30 अप्रैल के बीच ही ज्यादातर बार सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। अभी मौसम इसी दौर में प्रवेश कर रहा है, इसलिए आने वाले कुछ दिन और ज्यादा गर्म रहने की संभावना है।
क्यों बन रही है हीट वेव की स्थिति
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा से शुष्क हवाएं चल रही हैं। हवा में नमी कम है और सतही दबाव भी गिर रहा है। इन परिस्थितियों में तेज धूप और गर्म हवाएं मिलकर हीट वेव की स्थिति बनाती हैं। यही कारण है कि दिन के साथ रात में भी गर्मी बनी रहती है।
राहत के संकेत, लेकिन बहुत सीमित
अप्रैल के महीने में आमतौर पर बहुत कम बारिश होती है। औसतन 1 से 2 दिन ही हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ आंधी देखने को मिलती है। कभी-कभी पश्चिमी विक्षोभ के असर से शाम के समय तेज हवा, बिजली या ओले भी गिर सकते हैं, लेकिन इससे राहत थोड़े समय के लिए ही मिलती है।
क्या 45°C पार कर सकता है पारा?
मौजूदा स्थिति और पुराने ट्रेंड को देखें तो रायपुर में तापमान पहले ही खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। अगर अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रहती है, तो पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
हालांकि 46 डिग्री के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ना मुश्किल जरूर है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे पूरी तरह नकारा भी नहीं जा सकता।
लोगों के लिए सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। क्योंकि आने वाले कुछ दिन छत्तीसगढ़ के लिए इस सीजन के सबसे गर्म दिन साबित हो सकते हैं।