Meta Pixel

बेमेतरा में जिला शिक्षा अधिकारी ने ली समीक्षा बैठक : संकुल प्राचार्यों को जाति-निवास प्रमाण पत्र से लेकर परीक्षाओं तक दिए कड़े निर्देश

Spread the love

बेमेतरा – छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शिक्षा की गुणवत्ता और प्रशासनिक कार्यों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. चतुर्वेदी ने सभी संकुल प्राचार्यों और संकुल समन्वयकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। नगर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुई इस बैठक में डीईओ ने विभिन्न लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए शिक्षण संस्थानों में प्रशासनिक सुधार, दस्तावेज प्रबंधन और परीक्षा परिणामों की समयबद्ध घोषणा पर विशेष जोर दिया।

प्रमाणपत्रों के कार्य में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्र–छात्राओं के जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र का कार्य 100% समय पर पूरा होना चाहिए। जिन छात्रों के प्रमाण पत्र लंबित हैं, उनकी सूची तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दस्तावेजों की अनुपलब्धता से विद्यार्थियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या न हो।

स्कूल परिसर और रिकॉर्ड व्यवस्था पर विशेष जोर
डीईओ ने शालाओं की बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई और समग्र वातावरण को बेहतर बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन दस्तावेजों को व्यवस्थित रखें, आलमारी के ऊपर कोई भी कागज या पुस्तक न रखी जाए। छुट्टियों के रिकार्ड को फाइल में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। कैश बुक, सर्विस बुक और विभिन्न पंजियों के नियमित अवलोकन पर भी बल दिया गया।

सुशासन त्योहार की तैयारी
1 मई से 10 जून तक शासन द्वारा मनाए जाने वाले सुशासन त्योहार को लेकर डीईओ ने संबंधित सभी शैक्षणिक संकुलों को पूर्व तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। जिस दिन संकुल में त्योहार आयोजित होगा, उस दिन सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति अनिवार्य बताई गई।

स्थानीय परीक्षाओं के परिणाम 30 अप्रैल तक अनिवार्य
शैक्षणिक सत्र के समापन को देखते हुए सभी संकुल प्राचार्यों और समन्वयकों को 30 अप्रैल तक स्थानीय परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने को कहा गया। इसके साथ ही वर्गवार, जातिवार, विषयवार प्रथम-द्वितीय-तृतीय स्थान की रिपोर्ट भी अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए गए।

पांच वर्षों की खरीदी सामग्री का भौतिक सत्यापन
सीएसी के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में खरीदी गई सामग्री का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया। जनगणना से संबंधित अपडेट रहने और पाठ्य पुस्तक, गणवेश एवं साइकिल वितरण की जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

शिक्षकों व कर्मचारियों के कल्याण पर भी जोर
डीईओ ने पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण और सेवा पुस्तिका के नियमित संधारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। IGOT पोर्टल में सभी को पंजीकरण कराने तथा समग्र शिक्षा के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने पर भी ध्यान दिलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *