खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवाओं के लिए अब बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का बड़ा अवसर सामने आया है। Bank of Baroda ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत क्लेरिकल कैडर में भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है, जिससे क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल और टेबल टेनिस जैसे खेलों से जुड़े प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी पाने का मौका मिलेगा।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन 22 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुके हैं और इच्छुक उम्मीदवार 12 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह खास भर्ती उन खिलाड़ियों के लिए है, जिन्होंने खेल के क्षेत्र में अपने राज्य या देश का प्रतिनिधित्व किया है या राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।
योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही खेल उपलब्धियों का मजबूत रिकॉर्ड भी जरूरी है। ऐसे उम्मीदवार जिन्होंने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया हो, या जूनियर नेशनल, खेलो इंडिया गेम्स, एसजीएफआई जैसी प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किया हो, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा इंटर-यूनिवर्सिटी या राष्ट्रीय स्कूल स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ी भी इस भर्ती के लिए पात्र माने गए हैं।
आवेदन शुल्क को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था की गई है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए ₹850 शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी, पूर्व सैनिक और महिला उम्मीदवारों को केवल ₹175 का शुल्क देना होगा। यह भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा और एक बार जमा होने के बाद वापस नहीं किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “Careers” सेक्शन में उपलब्ध स्पोर्ट्स कोटा भर्ती 2026 के लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी, दस्तावेज अपलोड करने होंगे और फीस जमा करके फॉर्म सबमिट करना होगा।
यह भर्ती उन खिलाड़ियों के लिए खास है जो खेल के साथ-साथ एक स्थिर और सम्मानजनक करियर की तलाश में हैं। बिना पारंपरिक लिखित परीक्षा के ऐसे अवसर कम ही मिलते हैं, इसलिए योग्य उम्मीदवारों के लिए यह मौका बेहद अहम माना जा रहा है।