Meta Pixel

टेंपरेचर के साथ बढ़ी शराब की खपत : छत्तीसगढ़ में एक ही दिन में गटक गए 41 करोड़ रुपये की दारु

Spread the love

रायपुर – प्रदेश में सूरज की तपिश जैसे-जैसे बढ़ रही है, मदिरा प्रेमियों की प्यास भी उसी रफ्तार से परवान चढ़ रही है। हाल ही में जारी तुलनात्मक बिक्री रिपोर्ट के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। बीते 22 अप्रैल को पूरे प्रदेश में जाम से जाम इस कदर टकराए कि केवल एक ही दिन में 41 करोड़ 75 लाख रुपये से ज्यादा की शराब की बिक्री हो गई।

41 करोड़ 75 लाख रुपए की शराब बिक्री का बना रिकार्ड
खास बात ये है कि, 1 अप्रैल से शराब कारोबार का नया वित्तीय वर्ष शुरु हुआ है, दुकानों में कई नए ब्रांड भी उतारे गए हैं, लेकिन उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि राज्य में नए और पुराने दोनों तरह के ब्रांड की जबरदस्त मांग बनी हुई है। हाल यह है कि, पिछले 22 अप्रैल 2025, एक ही दिन में शराब खपत का आंकड़ा करीब 33.86 करोड़ था, वहीं इस वर्ष 22 अप्रैल को एक ही दिन में 41 करोड़ 75 लाख रुपए की शराब बिक्री का रिकार्ड बना है। यानी इस बार एक ही दिन में बिक्री में 23.3 प्रतिशत का भारी उछाल आया है।

छोटे जिलों की बिक्री ने चौंकाया
बिक्री के इन आंकड़ों में राजधानी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे बड़े शहरों का दबदबा तो पहले की तरह बरकरार है, लेकिन छोटे जिले भी चौंका रहे हैं। बड़े शहरों में रुटीन के हिसाब से जाम छलके, वहीं कोरिया और सूरजपुर जैसे जिलों में तो मानों मदिरा प्रेमियों ने रिकार्ड तोड़ अभियान छेड़ रखा है। इन जिलों में पिछले साल के मुकाबले हुई बढ़ोतरी बताती है कि, अब छोटे शहरों के शौकीन भी किसी से पीछे नहीं रहने वाले हैं। 

22 दिनों में पी गए साढ़े 8 अरब से अधिक की शराब
दिलचस्प बात यह है कि, इस अप्रैल के शुरुआती 22 दिनों में ही प्रदेश के गले से 8 अरब 66 करोड़ रुपये से ज्यादा की शराब उतर चुकी है। नारायणपुर और बीजापुर जैसे इलाकों में इस बार शौकीन थोड़े शांत दिखे, जहां बिक्री में पिछले साल के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है।

एक नजर आंकड़ों पर

1. टॉप 3: जहां सबसे ज्यादा छलके जाम (22 अप्रैल की कुल बिक्री)

  • रायपुरः 7 करोड़ 59 लाख,
  • दुर्गः 5 करोड़ 9 लाख 81,490
  • बिलासपुरः 3 करोड़ 71 लाख 39,910

2. सबसे कम पीने वाले जिले (22 अप्रैल की सबसे कम बिक्री)

  • बारायणपुरः 7 लाख 46 हजार
  • सुकमाः 11 लाख 62,230

बीते साल की तुलना में छोटे जिले बना रहे रिकार्ड

खास बात ये है कि, राज्य के छोटे और दूरस्थ माने जाने वाले जिलों में इस भीषण गर्मी में भी पियक्कड़ जमकर जाम छलका रहे हैं। यह इन तीन जिलों में बिक्री में वृद्धि के आंकड़ों से साफ होता है।

  • कोरिया बीते साल के मुकाबले 78.4 फीसदी वृद्धि
  • सुकमा में बीते साल के मुकाबले 74 फीसदी का इजाफा
  • सूरजपुर : 65.9 फीसदी खपत बढ़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *